द जनमित्र डेस्क
रोटरी क्लब बक्सर ने स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत एक बार फिर सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) ट्रेनिंग शिविर का आयोजन किया। यह शिविर साबित खिदमत अस्पताल में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा। क्लब की पीपीएच (पब्लिक हेल्थ कैंपस) इनीशिएटिव के अंतर्गत जिले में लगातार हो रही इन ट्रेनिंग्स का उद्देश्य आपात स्थिति में ज्यादा से ज्यादा जानें बचाना है।

रोटरी क्लब बक्सर के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि सीपीआर की यह ट्रेनिंग हर सिविल सोसाइटी के व्यक्ति को आनी चाहिए। यह जीवन रक्षक तकनीक है, जिसे जानकर कोई भी व्यक्ति दिल का दौरा पड़ने या सांस रुकने जैसी स्थिति में तुरंत मदद कर सकता है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न अस्पतालों में आयोजित किया जा रहा है, ताकि आम लोग खुद सीपीआर देना सीख सकें और दूसरों की जान बचा सकें।
यह क्लब की तीसरी सीपीआर ट्रेनिंग है। इससे पहले पहला शिविर नरेंद्र देव स्कूल में और दूसरा साबित खिदमत अस्पताल में ही आयोजित किया गया था। अब इस चरण को आगे भी स्कूलों और अन्य संस्थानों में विस्तार देने की योजना है।
क्लब ने जिलेवासियों से अपील की है कि इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। खुद सीपीआर सीखें और दूसरों को भी सिखाएं, ताकि आपातकाल में कोई अनमोल जान न खोए। रोटरी क्लब बक्सर की यह पहल स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हो रही है।


Comment here