ग्राउंड रिपोर्टस्थानीय

चमेली को मिलेगा फ्लोरेंस नाइटेंगल पुरस्कार, उपमुख्यमंत्री करेंगे सम्मानित.

Spread the love

द जनमित्र | डेस्क

बक्सरः जिला के सिमरी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम के रूप में सराहनीय सेवा देने वाली चमेली कुमारी को 12 मई यानी आज नर्सेज दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव द्वारा “फ्लोरेंस नाइटेंगल ” पुरस्कार से नवाजा जायेगा.

तेजस्वी यादव करेंगे नर्सों को सम्मानित

उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं प्रदान करने वाले नर्सिंग कर्मियों को उपमुख्यमंत्री – सह – स्वास्थ्य मंत्री, बिहार सरकार द्वारा “फ्लोरेंस नाइटेंगल ” पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा. इस बाबत सचिव स्वास्थ्य-सह-कार्यपालक निदेशक, राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार संजय कुमार सिंह ने सभी अस्पताल अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को पत्र जारी कर सभी नामित नर्सों को 12 मई को पटना स्थित उर्जा ऑडिटोरियम में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.

क्या कहती है चमेली

चमेली बताती हैं कि रोगियों को मानसिक रूप से अधिक सहयोग की जरूरत होती है. नर्सों का फर्ज होता है कि वह मरीज से प्यार और संवेदना से पेश आये तथा मरीज की पीड़ा को समझते हुए जरूरी सलाह व चिकित्सा प्रदान करें. वह इसका पूरा ख्याल रखते हुए मरीजों की संवेदनाओं को समझती हैं एवं उनकी पीड़ा को कम करने का हर संभव प्रयास करती हैं. वह बताती हैं कि मरीज को सही एवं शीघ्र उपचार दिलाने के लिए डॉक्टर एवं मरीज के बीच बेहतर संवाद की बेहद जरूरत होती है इसलिए वह आने वाले रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा दिलाने के लिए डॉक्टर के साथ संवाद पर बल देती हैं.

फ्लोरेंस नाइटेंगल की याद में मनाया जाता है नर्सेज दिवस

आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटेंगल की याद में दुनियाभर में 12 मई को अंतर्राष्ट्रीय नर्सेज दिवस मनाया जाता है. विश्व भर में इस दिवस को हर साल मनाया जाता है. इस वर्ष की थीम ” अवर नर्सेज; अवर फ्यूचर” है. जन सेवा के लिए समर्पित नर्सों को उनके बहुमूल्य योगदान के लिए इस अवसर पर प्रोत्साहित किया जाता रहा है.
नर्सिंग स्वास्थ्य सेवा की सबसे बड़ी इकाई है तथा नर्सेज स्वास्थ्य विभाग के लक्ष्यों की प्राप्ति की एक अहम् कड़ी है. वर्ष 1974 में मई 12 को अंतरराष्ट्रीय नर्सेज दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया.

रोगियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से राहत पहुंचाने में नर्सों का योगदान हमेशा से ही महत्वपूर्ण समझा गया है. इस दिवस के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सों के योगदान को याद करने, रोगियों के कल्याण के लिए नर्सों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करने के साथ उनकी मेहनत और समर्पण की सराहना करने के लिए है.

Comment here