ननिहाल से गायब तीन वर्षीय मासूम का शव ठोरा नदी से बरामद. परिजनों के बीच मचा कोहराम. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लरई गांव से गायब था बच्चा. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव से बरामद हुआ शव.
द जनमित्र । एस कुमार विमल
बक्सर : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लरई गांव में अपने ननिहाल के दरवाजे पर खेल रहे तीन वर्षीय बच्चे के गायब होने के बाद अब उसका शव इसी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में ठोरा नदी से बरामद हुआ है. सुबह-सुबह ग्रामीणों ने बच्चे के शव को देखा और पुलिस को सूचना दी. मासूम का शव नदी से बरामद होने के बाद ग्रामीण कई तरह की अंदेशा जता रहे है. कोई खेलने के क्रम में नदी में बच्चा के गिर जाने और बहते हुए वहां पहुँच जाने का अंदेशा जाहिर कर रहा है तो, कोई उंसकी हत्या कर शव नदी में फेंक देने की बात कह रहा है.
ननिहाल में आया था मासूम
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रेवतीपुर गांव निवासी अभिषेक राय का ससुराल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लरई गांव में हैं. ससुराल में किसी की शादी होने वाली है. शादी समारोह में शामिल होने के लिए अभिषेक की पत्नी अपने तीन वर्षीय पुत्र सार्थक राय के साथ आई थी. रविवार को घर के लोग शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे. सार्थक दरवाजे पर ही खेल रहा था. खेलने के दौरान ही वह गायब हो गया. काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी. काफी देर के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर बच्चे की बरामदगी को लेकर लगातर खोजबीन कर रही थी. सोशल मीडिया के सहारे भी बच्चे की तलाश की जा रही थी इसी बीच आज बच्चे का शव बरामद होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.
क्या कहते हैं थानाध्यक्ष मुफ्फसिल
बच्चे का शव बरामद होने की जानकारी मिली. थाने की एक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की तैयारी कर रही है. उम्मीद है कि जांच के दौरान घटना के बारे में और भी जानकारी मिलेगी. जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा.
गौरतलब है कि नदी से मासूम की शव बरामद होने के बाद शादी समारोह वाले घर में परिजनों के चीत्कार से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. बच्चे की शव नदी में मिलने के बाद कई तरह की चर्चाएं चल रही है. हालांकि पुलिस जांच के बाद मामले की खुलासा करने की बात कह रही है.

Comment here