पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर अपने जीवन का बलिदान करने वाले पुलिस कर्मियों को एसपी ने दी श्रद्धांजलि. कहा कठिन परिस्थितियो में भी अपने कर्तव्य को सर्वोपरि मानकर लोगो की हिफाजत करती है पुलिस.
द जननमित्र | सरिता कुमारी
बक्सर : शनिवार को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में उन सभी पुलिस कार्मिकों को विनम्र श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर अमर हो गए. बक्सर एसपी ने उन शहीद वीर सपूतों के परिजनों को सम्मानित करते हुए और उन्हें सम्बोधित करते हुए कहा कि, पुलिस कर्मियों का ये बलिदान हमें निरंतर कर्तव्य पथ पर पूर्ण निष्ठा एवं दायित्व बोध के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा. पुलिस कर्मी अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों को सर्वोपरि मानकर लोगो की हिफाजत करने के लिए सबसे अगली कतार में सीना तानकर खड़े रहते है.
21 अक्टूबर को पूरे देश मे मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
भारत में हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है. यह दिन उन बहादुर पुलिस कर्मियों को याद करने और सम्मान देने के लिए मनाया जाता है. जिन्होंने अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते हुए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया. यह पुलिस स्मृति दिवस 1959 के उस दिन की याद दिलाती है जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों द्वारा 20 भारतीय सैनिकों पर हमला किया गया था. जिसमे 10 भारतीय पुलिस कर्मियो की जान चली गई थी.

Comment here