द जनमित्र | शशि
जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने का जोर-शोर से अभियान चल रहा है। अगर आपने अभी तक मतदाता सत्यापन फॉर्म जमा नहीं किया है, तो सावधान! अब केवल 5 दिन बाकी हैं। 26 जुलाई तक हर हाल में फॉर्म जमा कर दें, वरना भविष्य में परेशानी झेलनी पड़ सकती है।





जानकारी के मुताबिक, जिले में कुल 13,51,861 मतदाता हैं, और 90% से ज्यादा का सत्यापन हो चुका है। 95% गणना प्रपत्र भी जमा हो गए हैं। डीएम डॉ. विद्यानंद सिंह और अन्य अधिकारी तेजी से काम को अंजाम देने के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं, ताकि समय पर सभी योग्य मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो और कोई छूटे नहीं।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, चुनाव आयोग 1 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित करेगा। इसके बाद 1 अगस्त से 1 सितंबर तक मतदाता दावा-आपत्ति दर्ज कर सकेंगे। सभी आपत्तियों का निपटारा कर 30 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। इसलिए, जिन मतदाताओं ने अभी तक गणना प्रपत्र बीएलओ को नहीं सौंपा, वे तुरंत जमा करें। अच्छी बात ये है कि अभी कोई अतिरिक्त कागजात की जरूरत नहीं है। दूर रहने वाले मतदाता ऑनलाइन भी फॉर्म भर सकते हैं।
वैसे, अब एक मतदान केंद्र पर 1500 की जगह 1200 मतदाता होंगे। पिछले लोकसभा चुनाव (2024) में एक बूथ पर 1500 मतदाता थे, जबकि 2020 के विधानसभा चुनाव में 1000 थे। अगर किसी भवन में 1200 से कम मतदाता हैं, तो ज्यादा मतदाता वाले बूथ के वोटरों को वहां शिफ्ट किया जा सकता है। मतदान केंद्रों की सूची तैयार होने के बाद, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम इसे राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजेंगे, जो समीक्षा के बाद अपनी अनुशंसा देंगे। तो देर न करें, समय रहते फॉर्म जमा करें और अपनी वोट की ताकत को सुनिश्चित करें!


Comment here