राजकाज

सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की हालत पर पूर्व विधायक ने उठाए सवाल

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर सदर अस्पताल में स्थित रक्त अधिकोष की मौजूदा हालत को लेकर पूर्व विधायक संजय तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी ने तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर स्वास्थ्य सुविधाओं के रखरखाव और मौजूदा व्यवस्था पर गंभीर आपत्ति जताई है।

उन्होंने कहा कि रक्त अधिकोष वो जगह है जहां लोग अपनी मर्जी से खून दान करते हैं। उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के मकसद से यहां एयर कंडीशनर और आरओ सिस्टम लगवाए गए थे ताकि जगह साफ-सुथरी और ठंडी रहे तथा पीने का साफ पानी उपलब्ध हो। लेकिन अब इन सुविधाओं के रखरखाव की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

जनप्रतिनिधियों की निगरानी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सही निगरानी न होने से अस्पताल की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सरकार रक्तदाताओं को पच्चीस रुपये का रिफ्रेशमेंट और बेहतर सुविधा देने की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है।

पूर्व विधायक ने वर्तमान विधायक पर भी निशाना साधा। उन्होंने सिविल सर्जन को लेकर पहले की गई टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि जिन लोगों ने व्यवस्था सुधारने के नाम पर अधिकारियों के खिलाफ वीडियो बनाकर संघर्ष दिखाया था, उनके अपने कार्यकाल में अब स्थिति क्या है, यह अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों से पूछना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या सच में सदर अस्पताल की व्यवस्था सुधरी है या फिर व्यवस्था सुधारने की बात करने वाले अब चुप हो गए हैं।

संजय तिवारी ने यह भी कहा कि जब व्यवस्था सुधारने का दावा करने वाले बाद में समझौता कर लेते हैं तो जनता को ठगा हुआ महसूस होता है। इन आरोपों के बाद सदर अस्पताल के रक्त अधिकोष की व्यवस्था फिर से राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गई है।

Comment here