अपराध

टिकट दलाल तत्काल टिकटों के साथ धराए

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

मंगलवार को बक्सर के डुमराँव स्टेशन पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) ने टिकट दलाली के गोरखधंधे का भंडाफोड़ करते हुए दो दलालों को धर दबोचा। आरपीएफ पोस्ट बक्सर की टीम ने रिजर्वेशन काउंटर से पंकज कुमार पांडेय और रंजन कुमार को तत्काल टिकटों के साथ रंगे हाथों पकड़ा। इनके कब्जे से आठ यात्रियों के नाम पर बने तत्काल टिकट मिले, जिनकी कीमत 7300 रुपये थी। पंकज सिमरी और रंजन नजीरगंज, कोरानसराय के रहने वाले हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार की अगुवाई में यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हुई। पूछताछ में दोनों ने कबूला कि वे ठठेरी बाजार के कुख्यात टिकट दलाल मंसूर अली खान के इशारे पर काम कर रहे थे। मंसूर यात्रियों से फॉर्म और पैसे लेकर इन्हें सौंपता, और ये काउंटर पर लाइन लगाकर 200-300 रुपये अतिरिक्त वसूलकर टिकट बनवाते। फिर मंसूर इन टिकटों को और मोटे दाम पर बेचता।
खुलासा हुआ कि पकड़े जाने के दिन दोनों दानापुर-सिकंदराबाद और गोरखपुर-लोकमान्य तिलक मुंबई के लिए चार-चार टिकट बनवाकर मंसूर को देने जा रहे थे। तभी आरपीएफ ने दबिश देकर इन्हें दबोच लिया। मास्टरमाइंड मंसूर मौके से फरार हो गया, और उसका फोन भी बंद है।
इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि आम यात्रियों को टिकट काउंटर पर होने वाली परेशानी से बचाने के लिए आरपीएफ लगातार मुस्तैद है। इस कार्रवाई से दलालों में खलबली मच गई है। साथ ही, रेलवे कर्मचारियों की संलिप्तता की भी जांच चल रही है। मंसूर समेत बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की कवायद तेज है। ऑपरेशन में उपनिरीक्षक दिनेश चौधरी, विजेंद्र मुवाल, आरक्षी सुजीत कुमार और अन्य जवान शामिल थे।

Comment here