द जनमित्र | शशि
बक्सर जिले के इटाढ़ी रोड महदह स्थित पुलिस केंद्र में एसपी शुभम आर्य के नेतृत्व में दंगा नियंत्रण को लेकर एक मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारी करना था।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों ने दंगा नियंत्रण की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसमें भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवियों को तितर-बितर करने और जनहानि से बचाव के उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया। जवानों ने लाठीचार्ज, आंसू गैस शेल के उपयोग और वाटर कैनन की कार्यप्रणाली का भी जीवंत प्रदर्शन किया।
एसपी शुभम आर्य ने मौके पर जवानों को अनुशासन, धैर्य और संयम के साथ कार्य करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा, “किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में पुलिस बल को तत्पर और सक्षम रहना चाहिए। ऐसे मॉक ड्रिल से पुलिसकर्मियों की न केवल शारीरिक दक्षता बढ़ती है, बल्कि मानसिक रूप से भी वे कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार होते हैं।”
इस अवसर पर अन्य पुलिस पदाधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे। अभ्यास देखने पहुंचे अधिकारियों ने जवानों की तत्परता और समन्वय की सराहना की।
एसपी आर्य ने आगे कहा कि जिले में आगामी त्योहारों और आयोजनों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया, “बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। श्री दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व पर भारी भीड़ जुटती है और इस बार चुनावी माहौल भी रहेगा।
ऐसे में पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता और तैयारी की जरूरत है।” उन्होंने जवानों को संदेश देते हुए जोर दिया कि किसी भी स्थिति में संयम और धैर्य बनाए रखते हुए कानून-व्यवस्था को बिगड़ने न दें।

Comment here