ग्राउंड रिपोर्ट

पटाखे की गोदाम में हुआ विस्फोट, एसपी ने बुलाई एफएसएल की टीम

Spread the love

अवैध रूप से चल रहे पटाखे की गोदाम में हुआ विस्फोट

जांच करने पहुचे पुलिस कप्तान ने बुलाई एफएसएल की टीम

द जनमित्र । विमल यादव

बक्सर: जिले के डुमराव अनुमण्डल अंतर्गत ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय नगर के बिचला टोला इलाके के एक घर में पटाखा बनाने के दौरान विस्फोट हो गया. धमाका इतना जोरदार हुआ कि पुरा मोहल्ला थर्रा उठा. एक के बाद एक हुए कई धमाकों की आवाज सुनकर लोग इधर उधर घर छोड़कर भागने लगे.
इसी दौरान स्थानीय लोगो ने पुलिस को सूचना दे दी. जिसके बाद जांच के दौरान पुलिस को घर से पटाखे बनाने का भारी मात्रा में सामग्री बरामद हुआ. इस मामले की गम्भीरता को देखते हुए घटना स्थल पहुँचकर एसपी ने स्वयं जांच की. साथ ही साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.

घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी धीरेंद्र सिंह ने बताया की अचानक से बिचला टोला वार्ड संख्या 7 धमाकों से दहल उठा. लोगों को कुछ भी समझ में नहीं आ रहा था. लोग घर से बाहर निकल कर इधर-उधर भागने लगे. बाद में देखा गया कि स्थानीय निवासी मोहम्मद मुस्लिम के घर से धुआं निकल रहा है. जब लोग वहां पहुंचे तो और भी धमाके अंदर हो रहे थे. इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर को खुलवाना चाहा. लेकिन घर अंदर से बंद था बाद में पुलिस ने किसी तरह घर खुलवाया और पटाखा बनाने वाले मोहम्मद मुस्लिम नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया. पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि पटाखा बनाने के दौरान ही विस्फोट हो गया है जिसमें उनके पुत्र मोहम्मद शहजाद घायल हो गए. उन्हें बेहतर इलाज के लिए आरा के किसी निजी अस्पताल में ले जाया गया है.

5-6 बोरा बारूद बरामद 

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मोहम्मद मुस्लिम के घर पर जब पुलिस पहुंची तो उसने घर के बाहर पटाखे फेंकने शुरू कर दिया.पुलिस जब उसे लेकर चली गई तो स्थानीय लोगों ने पुनः सूचना दी कि पटाखे घर के इधर-उधर फेंके हुए हैं जिसके बाद दोबारा पहुंची पुलिस ने 15 पेटी पटाखा रूपी बम और 5 से 6 बोरा बारूद जब्त किया.

बिना लाइसेंस के ही 1990 से बनाता है पटाखा :

पुलिस के द्वारा की गई पूछताछ में मोहम्मद मुस्लिम ने बताया कि वह 1990 से पटाखे बनाता है. फिलहाल उसके पास लाइसेंस नहीं है. ऐसे में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और रिहायशी इलाके में बिना लाइसेंस के पटाखा बनाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.

क्या कहते हैं एसपी

घटना की सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुँचकर एसपी ने खुद जांच की एफएसएल की टीम भी बुलाई गई है. फिलहाल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है तथा पटाखा बनाने वाले विस्फोटक भी जब्त किए गए हैं. घायल व्यक्ति के बारे में कोई भी आधिकारिक सूचना नहीं है. जल्द ही उसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

Comment here