राजकाज

डुमरांव में जेसीबी से ढहाए अवैध निर्माण, दोबारा कब्जा करने वालों पर होगी FIR

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

लंबे समय से जाम और अतिक्रमण से जूझ रहे डुमरांव शहर में सोमवार को अनुमंडल प्रशासन ने सख्त तेवर दिखाए। एसडीएम के निर्देश पर चले व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान में गोला रोड, चौक रोड और छठिया पोखर मार्ग सहित मुख्य सड़कों से अवैध कब्जे बेदखल कर दिए गए। जेसीबी की मदद से सड़कों पर बने अवैध छज्जे, सीढ़ियां, दुकानें और अस्थायी निर्माण पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए। भविष्य में विवाद से बचने के लिए पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

अभियान का नेतृत्व करते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, प्रधान सहायक दुर्गेश सिंह, स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन और डुमरांव थाना पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। कई जगहों पर लोगों ने फुटपाथ और सड़क का हिस्सा कब्जा कर दुकानें चला रखी थीं, जिससे आम जनता को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

अनुमंडल मुख्यालय होने के कारण डुमरांव में सरकारी दफ्तर, अस्पताल, बैंक, कोर्ट और बाजारों में दिनभर भारी भीड़ रहती है। अतिक्रमण के चलते आए दिन लगने वाला जाम स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए मुसीबत बना हुआ था। कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती थी, जिससे मरीजों की जान पर बन आती थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने साफ चेतावनी दी है कि अब शहर में अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह अभियान वरीय अधिकारियों के निर्देश पर रोस्टर के आधार पर नियमित चलेगा। जो व्यक्ति दोबारा सड़क या सार्वजनिक जगह पर कब्जा करेगा, उसके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज होगी।”

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लें और प्रशासन का सहयोग करें। नगर परिषद जल्द ही सड़क किनारे पार्किंग, फुटपाथ निर्माण और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए ठोस कदम उठाने जा रही है।

शहर को जाम-मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन का यह सख्त कदम स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। अब देखना यह है कि यह अभियान कितने दिन तक जारी रहता है और शहर की सूरत कितनी जल्दी बदलती है।

Comment here