दहेज की बलि चढ़ी एक और विवाहिता संदेहास्पद परिस्थिति में बेडरूम से मिला शव पांच माह पूर्व हुई थी शादी ..घर छोड़कर फरार हुए ससुराल के लोग
कोरान सराय थाना क्षेत्र के बैरिया गांव का मामला, मायके वालों ने कहा दहेज के लिए बेटी की कर दी हत्या…
द जनमित्र । विमल यादव
बक्सर: जिले के डुमराव अनुमण्डल अंतर्गत कोरान सराय थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में एक विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में उसका शव उसके बेडरूम से मिला है. युवती की शादी पांच माह पूर्व ही हुई थी. घटना के बाद ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हैं. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है. स्थानीय लोगों की माने तो अक्सर विवाहिता के साथ मारपीट की जाती थी. आज घर को खुले छोड़कर सभी घर वाले जब भाग गए तो किसी अनहोनी की आशंका हुई जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
पांच महीने पहले ही हुई थी शादी
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार नावानगर थाना क्षेत्र के अमृत राय के डेरा गांव निवासी उपेंद्र सिंह की 21 वर्षीय बेटी नीतू कुमारी की शादी 20 मई 2023 को बैरिया गांव के सत्येंद्र कुमार सिंह के 25 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के साथ हिन्दू रीति-रिवाजों के साथ बड़े ही धूम धाम से हुई थी. विवाहिता के पिता उपेंद्र सिंह ने बताया कि बाइक की मांग को लेकर बेटी को काफी दिनों प्रताड़ित किया जा रहा था. अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार उन्होंने फ्रिज, कूलर, टीवी, गहने व अन्य उपहार तो दिए थे लेकिन अभी बाइक देने की हैसियत नहीं थी. इस बात को लेकर बेटी के ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे. इसी बीच बुधवार को सूचना मिली की बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. जब वहां पहुंचे तो उसका शव बेड पर पड़ा हुआ था. उसके गले पर फंदे के निशान थे.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष :
वही कोरान सराय थाना के थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि लोगो से मिली सूचना के बाद जब पुलिस पहुँची तो शव बेड पर लिटाया गया था. गले पर फंदे के निशान हैं. शव को कब्जे में ले लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. अभी मायके वालों की तरफ से लिखित कोई आवेदन नही दिया गया है.
गौरतलब है कि मृतका के पिता के द्वारा ससुराल वालों पर बाइक के लिए हत्या कर देने का आरोप लगाया जा रहा है. हालांकि अभी तक परिजनों ने थाना में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है.

Comment here