अपराधग्राउंड रिपोर्टस्थानीय

भूमि विवाद में देर रात जमकर हुई गोलीबारी, एक को लगी गोली

Spread the love

जमीनी विवाद में देर रात दो पक्षो के बीच जमकर हुई गोली बारी एक के सीने के निचले हिस्से में लगी गोली प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरो ने पीएमसीएच किया रेफर. मामले की जांच में जुटी पुलिस. एसडीपीओ भी मौके पर पहुंचे अपने ही पटीदारों ने रिश्तेदारों संग मिलकर मारी गोली.

द जनमित्र | डेस्क

बक्सरः जिले के डुमरांव अनुमण्डल अंतर्गत वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र के आथर गांव में जमीनी विवाद में देर रात दो पक्षो के बीच जमकर गोलीबारी हुई जिसमें गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया. सूचना के बाद पहुँची डायल 112 की टीम ने घायल को पहले नावानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है. उधर घटना की सूचना मिलते ही वासुदेवा ओपी प्रभारी विष्णु देव कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की. मौके से हमलावरों की एक बाइक बरामद की गई है जबकि मामले में 2 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. इस घटना की सूचना मिलते ही देर रात कई अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुचकर मामले की जांच किये.

साढ़े छह कट्ठा जमीन के लिए चली गोली

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात जिले के वासुदेवा ओपी क्षेत्र के आथर गांव में जमीन विवाद को लेकर अचानक दो पक्षो के बीच गोलियां चलने लगी, जिसमें आथर गांव निवासी हीरालाल यादव गोली लगने से बुरी तरह से जख्मी हो गए. उनके छाती के निचले हिस्से में गोली लगी है.

क्या कहते है परिजन

हीरालाल यादव के भाई ओम प्रकाश यादव ने बताया कि उनके पाटीदार सुनील यादव ने अपने रिश्तेदारों मंझरिया गांव निवासी बिट्टू यादव, और नितीश यादव के साथ मिलकर गोलियां चलाई. हीरालाल यादव को गोली लगने के बाद जब शोर-शराबा हुआ तो ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे जिसके बाद भागने के क्रम में हमलावर अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए.

क्या कहते हैं अधिकारी

वही डुमरांव एसडीपीओ अफाख अख्तर अंसारी ने बताया कि हीरालाल यादव और सुनील यादव के बीच कई दिनों से साढ़े छह कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इस बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सुनील ने हीरालाल को मारने की नीयत से अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर हमला कर दिया. हीरालाल यादव को सीने में दाहिने तरफ निचले भाग में गोली लगी है. हमलावरों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

गौरतलब है कि जिले के डुमरांव अनुमण्डल में आये दिनों जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष हो रहा है जिससे लोग डरे सहमे हुए है.

Comment here