द जनमित्र। विमल यादव। 9431092766
पटना: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार रविवार को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित जदयू के राष्ट्रीय परिषद् के खुले अधिवेशन में शामिल हुए. इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खुला अधिवेशन में आप सबका स्वागत करता हूं. एक बार फिर से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को बधाई देता हूं. आपलोग पार्टी में नये लोगों को मौका दीजिए. विभिन्न राज्यों के अन्य लोगों को भी अपने साथ जोड़िए. मीडिया पर दिल्लीवालों ने कब्जा कर लिया है. प्रेस में काम करने वाले लोग अच्छे हैं लेकिन उन्हें सही ढंग से काम करने नहीं दिया जाता है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जबसे हमलोगों को काम करने का मौका मिला है हमलोग राज्य के विकास के लिए लगातार काम करते रहे हैं. हमलोगों ने मिलकर बिहार को काफी आगे बढ़ाया है. केन्द्र वाले पिछड़े राज्यों की मदद नहीं कर रहे हैं.बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिल जाता तो बिहार का और विकास होता. हमने महिलाओं, पिछड़ों, अतिपिछड़ों, अल्पसंख्यक समाज, दलित, महादलित को लेकर काफी काम किया है. हमने किसी की उपेक्षा नहीं की है. सभी तबकों के उत्थान को लेकर काम किया है. हमने सबको शिक्षित करने को लेकर काफी काम किया. अब सभी बच्चे पढ़ रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार क्षेत्रफल के मामले में 12वें नम्बर पर है जबकि आबादी में तीसरे नम्बर पर है. पहले महिलायें काफी कम शिक्षित थीं, जैसे-जैसे महिलायें शिक्षित होती गयीं प्रजनन दर घटता गया. पहले बिहार का प्रजनन दर 4.3 था, अब यह घटकर 2.9 पर आ गया है. पहले शाम के बाद लोग घरों से बाहर नहीं निकलते थे. अब कितनी अच्छी स्थिति है, इसे आपलोग खुद देखिये. बाढ़ को लेकर नेपाल से बिहार को खतरा रहता है.श्रद्धेय अटल जी की सरकार के बाद इस पर कोई विशेष काम नहीं हुआ है.बाढ़ एवं सुखाड़ की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई के लिये कई संस्थानों का निर्माण कराया गया है. आपलोग अपने इलाके में घूमते रहिए और अगर कोई गड़बड़ी के बारे में शिकायत मिलती है तो उसकी सूचना हमें दें, हम उसे ठीक करायेंगे. हमारी पार्टी में सभी जाति और सभी धर्म के लोग हैं.उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता मालिक होती है एक उपचुनाव के परिणाम से कुछ लोग बहुत खुश हो रहे हैं, उन्हें ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है. वे लोग देश में दो जगह हार गये, तो उसकी चर्चा नहीं हो रही है, लेकिन यहां के उपचुनाव की खूब चर्चा हो रही है। हमलोग काम करते रहते हैं, इन सब बातों पर ध्यान नहीं देते.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विपक्षी पार्टियों को एकजुट करने की कोशिश हम कर रहे हैं. सभी लोग एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे तो 2024 में सफलता मिलेगी इसको लेकर हमलोगों को ईमानदारी से काम करना होगा. हमलोग लगातार काम करते रहते हैं, जबकि कुछ लोग पब्लिसिटी के लिये कुछ से कुछ बोलते रहते हैं.समाज में प्रेम और भाईचारे का भाव रहना चाहिये.कुछ लोग आपसी सद्भाव बिगाड़ना चाहते हैं, आपलोग आपस में मिलकर रहिये. महिलाओं की मांग पर ही हमने शराबबंदी लागू की थी. बापू की बातों को भी लोग भूल गये. आजादी की लड़ाई में जिनका कोई योगदान नहीं था वे लोग अब इसे अलग अलग नाम दे रहे हैं. हमलोग बापू के बताये रास्ते पर ही चल रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में हमारी पार्टी ने सात सीटें जीती थीं। 6 विधायक को तोड़कर उनलोगों ने अपनी पार्टी में शामिल करा लिया। मणिपुर में हमारे 6 विधायकों में से 5 विधायकों को अपनी पार्टी में शामिल करा लिया. ये लोग किस तरह के काम करते रहते हैं.अपनी एलायंस वाली पार्टी को तोड़ने से ज्यादा गंदा काम कोई दूसरा नहीं हो सकता. आज कल ये लोग क्या-क्या बातें कर रहे हैं.अगले चुनाव में इनको पता चल जायेगा.उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को आपलोग पूरी तौर पर सपोर्ट कीजियेगा. पूरी मजबूती से आपलोग श्री ललन सिंह के नेतृत्व में काम कीजिये.बिहार में सात पार्टियां एक साथ मिलकर काम कर रही हैं.बिहार को आगे बढ़ाने के लिये हमें सभी का समर्थन चाहिये.

जदयू के राष्ट्रीय परिषद् के खुले अधिवेशन में पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनिल हेगड़े ने श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का सर्टिफिकेट सौंपा. कार्यक्रम में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष श्री उपेंद्र कुशवाहा, प्रधान महासचिव श्री के0सी0 त्यागी, ऊर्जा मंत्री श्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, वित्त मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री संजय कुमार झा, भवन निर्माण मंत्री श्री अशोक चौधरी, परिवहन मंत्री श्रीमती शीला कुमारी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्रीमती लेशी सिंह, सांसद श्री वशिष्ठ नारायण सिंह, सांसद श्री रामनाथ ठाकुर, वरिष्ठ नेता श्री मंगनी लाल मंडल, वरिष्ठ नेता श्री अली अशरफ फातमी, प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश कुशवाहा सहित अन्य राज्यों के जदयू प्रदेश अध्यक्ष, सांसदगण,

विधायकगण, राधा चरण सेठ जी सहित बिधनपरिषदगण एवम अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बक्सर से डॉक्टर विनोद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.

Comment here