मायके में रह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही विवाहिता हुई गायब.
परिजनों ने दर्ज कराई अपहरण की प्राथमिकी.
द जनमित्र | सरिता कुमारी
बक्सर: मायके में रहकर बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही एक महिला अचानक से गायब हो गई है. प्रत्येक दिन की तरह फिजिकल की तैयारी करने के लिए वह घर से बाहर गई थी, लेकिन तैयारी करने के बाद वह फिर घर वापस नहीं लौटी तो मायके वालों ने उसके अपहरण का आरोप लगाते हुए रामदास राय के डेरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराया है. जिसके बाद पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.


दौड़ का अभ्यास करने के लिए निकली थी घर से बाहर, नही लौटी वापस.
परिजनों ने अपने आवेदन में बताया है कि विवाहिता अपने मायके में ही रहकर बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी. इसी क्रम में वो दौड़ का अभ्यास करने सुबह-शाम गांव के खेल मैदान में जाया करती थी. शुक्रवार की सुबह भी घर से परिजनों को कहकर निकली कि मैं खेल मैदान में दौड़ का अभ्यास करने जा रही हूं. लेकिन उसके बाद वह अपने घर नहीं पहुंची. इसके बाद परिवार के सदस्यों द्वारा पहले अपने स्तर से महिला की खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका, तब परिजनों ने पुलिस के यहां जाकर जांच की गुहार लगाई.

क्या कहते है परिजन
लापता महिला के संबंध में परिवार के सदस्यों द्वारा बताया गया की उसकी शादी चार वर्ष पूर्व हुई थी और दो वर्ष पूर्व उससे एक संतान पैदा हुई थी. स्वावलंबी बनने का सपना लेकर वह दिन रात एक कर पुलिस भर्ती की तैयारी में जुटी हुई थी. दो माह पूर्व वह एक शादी समारोह में शरीक होने के लिए अपने मायके आई थी. तब से यहीं रहकर पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी. कुछ दिनों से उसके मोबाइल पर एक अनजान व्यक्ति का कॉल बार-बार आ रहा था इसी दौरान शुक्रवार से वह गायब हो गई है.


क्या कहती है पुलिस
ओपी प्रभारी नमो नारायण राय ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर विवाहिता की तलाश की जा रही है. जल्द ही महिला को बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया जएगा. गौरतलब है कि फरार महिला एक बच्चे की माँ है. स्थानीय लोगो की माने तो किसी परिचित से वह लंबे समय से सम्पर्क में थी. हालांकि पुलिस और परिजन अभी कुछ भी स्पष्ट बताने से कतरा रहे है.


Comment here