द जनमित्र डेस्क
बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत बक्सर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी या गुम हुए कुल 73 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

मंगलवार को बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में इन सभी बरामद मोबाइल फोनों को उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया। फोन वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आ रही थी और उन्होंने पुलिस की इस सराहनीय पहल की जमकर तारीफ की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के 18वें चरण तक बक्सर पुलिस कुल 1541 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है और उन्हें उनके वास्तविक धारकों को लौटा चुकी है। यह अभियान जिले में लगातार प्रभावी साबित हो रहा है, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है।
इस मौके पर एसपी शुभम आर्य ने कहा कि मोबाइल के अलावा अन्य चोरी या गुम हुई संपत्ति जैसे बाइक आदि की भी बरामदगी कर सामूहिक रूप से लोगों को सौंपी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी व्यक्ति की संपत्ति खोने पर उसे बहुत दुख होता है और पुलिस का फर्ज है कि वह ऐसी संपत्ति को ढूंढकर वापस लौटाए, ताकि लोगों के चेहरों पर फिर मुस्कान लौट सके।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल या कोई अन्य सामान गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तेज कार्रवाई से संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।


Comment here