राजकाज

पुलिस का विशेष अभियान: 9 अभियुक्त गिरफ्तार, अवैध शराब बरामद

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान कुल 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

पुलिस ने शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर कड़ा प्रहार किया। अवैध शराब का सेवन करते पकड़े गए 5 व्यक्तियों को मौके से धर दबोचा गया। तीन अलग-अलग मामलों में कुल 107.5 लीटर देशी शराब बरामद की गई, जबकि इस दौरान कोई विदेशी शराब बरामद नहीं हुई।

अभियान में पुलिस ने 16 वारंटों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया। एक कुख्यात अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया तथा एक विशेष वारंट की निष्पादन कार्रवाई पूरी की गई। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

वाहन चेकिंग अभियान के तहत यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर सख्ती बरती गई। कुल 2,36,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना रहा।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अवैध गतिविधियों पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।

आपातकाल में तुरंत संपर्क करें
बक्सर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 पर दें। इसके अलावा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 06183-295039 और 9031826744 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

बक्सर पुलिस ने जनसेवा और सुरक्षा के प्रति अपनी पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराते हुए आश्वासन दिया है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

Comment here