राजकाज

एलपीजी गैस की कमी की अफवाहों के बीच जमाखोरी-कालाबाजारी रोकने को बड़ी कार्रवाई

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाहों के बीच बक्सर जिला प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए व्यापक जांच अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर जिले में संभावित जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान जिले की सभी 27 प्रमुख एलपीजी गैस एजेंसियों का गहन निरीक्षण किया गया। इन टीमों में वरीय दंडाधिकारी या संबंधित पदाधिकारी के साथ पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। टीमों ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की बारीकी से जांच की।

प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 13 मार्च 2026 से 16 मार्च 2026 तक कुल 22,283 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है। 16 मार्च तक विभिन्न एजेंसियों के पास लगभग 3,200 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध था। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है।

जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी हाल में गैस एजेंसियों या गोदामों पर उपभोक्ताओं की लाइन लगाकर सिलेंडर बांटने की अनुमति नहीं होगी। ऐसी स्थिति पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर और डुमरांव द्वारा क्षेत्र का निरंतर भ्रमण कर वितरण व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर वितरण व्यवस्था की नियमित समीक्षा की। सभी एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्यालय के बाहर सूचना पट्ट लगाकर स्टॉक की अद्यतन स्थिति, वितरित हो रहे सिलेंडर की तिथि और आगामी वितरण की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें। गैस आपूर्ति से जुड़ी कोई भी शिकायत या समस्या होने पर 24 घंटे कार्यरत जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06183-223333 पर संपर्क किया जा सकता है।

इस बीच गैस एजेंसी प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण ई-केवाईसी का काम प्रभावित था, लेकिन अब सर्वर पूरी तरह सुचारू है। छूटे हुए उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी जल्द पूरा करने के निर्देश सभी एजेंसियों को दिए गए हैं।

Comment here