राजकाज

अदालतों का समय बदला, अब सुबह 7:30 बजे से चलेगी कार्यवाही

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिले के सभी न्यायालयों में कार्य समय में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कार्यालय द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अब पूरे जिले में मॉर्निंग कोर्ट संचालित किए जाएंगे। यह नई व्यवस्था 13 अप्रैल से शुरू होकर जून के अंतिम शनिवार यानी 27 जून तक लागू रहेगी।

इस फैसले का मुख्य मकसद भीषण गर्मी के दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और मुवक्किलों को दोपहर की तेज धूप और उमस से राहत दिलाना है। जिले में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसकी वजह से दोपहर के समय अदालतों में कामकाज प्रभावित हो रहा था।

जारी आदेश के अनुसार अब अदालतों की कार्यवाही सुबह 7:30 बजे शुरू होगी और दोपहर 1 बजे तक चलेगी। समय-सारिणी इस प्रकार रहेगी- सुबह 7:30 बजे से 10 बजे तक अदालती कार्यवाही, फिर 10 से 10:30 बजे तक मध्यांतर और 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक पुनः कार्यवाही।

यह बदलाव सिर्फ बक्सर मुख्यालय तक सीमित नहीं है। डुमरांव स्थित अनुमंडल न्यायालय समेत जिले के सभी न्यायालय एक ही समय पर मॉर्निंग शिफ्ट में काम करेंगे।

जिला बार एसोसिएशन के महासचिव ने गर्मी को देखते हुए अदालत का समय सुबह करने की मांग करते हुए प्रधान न्यायाधीश को अनुरोध पत्र भेजा था। उच्च न्यायालय के पहले से जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई।

न्यायालय से जुड़े लोगों का कहना है कि इस बदलाव से कार्यक्षमता बढ़ेगी और गर्मी की परेशानी कम होगी। वकील और पक्षकारों को दोपहर की तेज धूप में अदालत आने-जाने की तकलीफ से निजात मिलेगी, जिससे न्यायिक प्रक्रिया और अधिक सुचारू रूप से चलेगी।

Comment here