राजकाज

सिविल कोर्ट अटेंडेंट परीक्षा 15 मार्च को

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बिहार सिविल न्यायालयों में अटेंडेंट और चपरासी (जनरल + ऑर्डरली) के पदों पर नियुक्ति के लिए प्रारंभिक परीक्षा कल 15 मार्च 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर से मिली जानकारी के अनुसार, विज्ञापन संख्या 04/2022 के तहत यह परीक्षा जिले के विभिन्न केंद्रों पर होगी। परीक्षा के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पदाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

निषेधाज्ञा के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर क्षेत्र में पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह नियम परीक्षार्थियों के अभिभावकों और मीडिया कर्मियों पर भी लागू होगा, हालांकि प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और संबंधित कर्मियों को छूट दी गई है।

प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी प्रकार के घातक हथियार या आग्नेयास्त्र लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है। केवल प्रतिनियुक्त पुलिस बल को ही इस नियम से छूट मिलेगी। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी जुलूस या प्रदर्शन पर रोक लगा दी है, लेकिन धार्मिक कार्यक्रम, शवयात्रा और विवाह से जुड़े जुलूसों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।

इसी तरह, प्रतिबंधित क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक रहेगी, जबकि धार्मिक कार्यक्रम, शवयात्रा और विवाह समारोह को छूट दी गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास धूम्रपान पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

संबंधित थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित तिथि पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ परीक्षा केंद्रों पर मौजूद रहें और प्रशासन को पूर्ण सहयोग दें। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर को भी पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस और पदाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान जारी सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करें, ताकि परीक्षा का आयोजन पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।

Comment here