द जनमित्र डेस्क
ऐतिहासिक किला मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य और गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा मैदान देशभक्ति के उत्साह से भर गया और ‘जय हिंद’ व ‘भारत माता की जय’ के जोरदार नारों से वातावरण गूंज उठा।

ध्वजारोहण से पहले प्रभारी मंत्री ने पुलिस, एनसीसी, स्काउट-गाइड और गृह रक्षकों की टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इसके बाद सुसज्जित परेड दल ने अनुशासित और शौर्यपूर्ण मार्च पास्ट पेश किया, जिसकी दर्शकों ने तालियों से भरपूर सराहना की।
समारोह में जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, सदर विधायक आनंद मिश्रा, राजपुर विधायक संतोष निराला, डुमरांव विधायक राहुल सिंह सहित वरीय प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। जिले के विभिन्न कार्यालयों और विद्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुए।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री रमा निषाद ने कहा कि बक्सर जिला विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं हर वर्ग तक पहुंच रही हैं और लोगों को उनका सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने संविधान की मूल भावना को अपनाते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह की मुख्य आकर्षण विभिन्न विभागों की झांकियां रहीं, जिनमें जिले की विकास यात्रा और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियां प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की झांकी में जनस्वास्थ्य सेवाओं का ब्यौरा दिया गया, जबकि मद्य निषेध विभाग ने नशामुक्त समाज का संदेश दिया। आयुष्मान भारत योजना की झांकी में गरीबों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं को उजागर किया गया। नगर परिषद की झांकी ने ‘स्वच्छ बक्सर, सुंदर बक्सर’ का संकल्प दोहराया। बाल विवाह रोकथाम, सेंट्रल जेल के लघु उद्योगों से बंदियों का पुनर्वास, जीविका समूह की महिलाओं द्वारा आर्थिक सशक्तिकरण जैसी दर्जनों झांकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम के समापन पर उप विकास आयुक्त ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी विभागों, अधिकारियों, सुरक्षा बलों, सांस्कृतिक दलों और नागरिकों का आभार जताया। समारोह शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में संपन्न हुआ। किला मैदान में मौजूद हर चेहरे पर देशभक्ति की झलक साफ नजर आई। यह आयोजन बक्सर जिले के लिए गौरव, एकता और संविधान के प्रति निष्ठा का प्रतीक बनकर उभरा।



Comment here