राजनीति

भाजपा ने बक्सर में गठित किया ‘चिकित्सा प्रकोष्ठ’

Spread the love

द जनमित्र | शशि

चुनावी माहौल के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘चिकित्सा प्रकोष्ठ’ का गठन किया है। इसकी आधिकारिक जानकारी और परिचय के लिए जिला बक्सर इकाई ने पार्टी कार्यालय अहिरौली में एक बैठक का आयोजन किया। बैठक में डॉ. राजीव झा को चिकित्सा प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।

बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन का दायित्व प्रवक्ता दीपक पांडेय ने निभाया। मुख्य अतिथि के रूप में अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम उपस्थित रहे। डॉ. राजीव झा, जो विश्वामित्र हॉस्पिटल से जुड़े हैं और एमबीबीएस (पीएमसीएच) के साथ जूनियर शिप एनेस्थीसिया (एनएमसीएच, पटना) में अनुभवी हैं, को इस पद पर नियुक्त किया गया। वे एक शिक्षित, प्रबुद्ध और अनुभवी व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं।

अपने उद्बोधन में जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने डॉ. झा की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “डॉ. झा की नियुक्ति से न केवल भाजपा को मजबूती मिलेगी, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता को भी स्वास्थ्य संबंधी मामलों में काफी फायदा और राहत मिलेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।”

नवनियुक्त संयोजक डॉ. राजीव झा ने अपने संबोधन में भाजपा के प्रदेश नेतृत्व और जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन का आभार जताया। उन्होंने कहा, “मुझे चिकित्सा प्रकोष्ठ का जिला संयोजक बनाने के लिए मैं आभारी हूं। भाजपा ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और मैं हर संभव प्रयास करूंगा कि इस दायित्व को पूरी तरह निभाऊं।” बैठक में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. झा की नियुक्ति पर खुशी जाहिर की और ‘भाजपा नेतृत्व जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

बैठक में सभी जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी के अलावा जिला मीडिया प्रभारी उमाशंकर राय भी मौजूद रहे। यह कदम भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में पार्टी की सक्रियता को बढ़ावा देगा।

Comment here