द जनमित्र डेस्क
बिहार के बक्सर जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग NH-319A (मोहनिया-रामगढ़-चौसा-बक्सर मार्ग) का निर्माण कार्य अब जमीनी स्तर पर रफ्तार पकड़ चुका है। सड़क निर्माण से पहले की सभी जरूरी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और वर्तमान में मिट्टी की ट्रेचिंग (खुदाई) का काम तेजी से चल रहा है, जो मुख्य निर्माण कार्य के शीघ्र शुरू होने का संकेत दे रहा है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, अहिरौली, जासो, पाण्डेयपट्टी और रहसिचक मौजा में ट्रेचिंग कार्य सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इन इलाकों में सड़क निर्माण के लिए भूमि पूरी तरह तैयार कर ली गई है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक करीब 4 किलोमीटर लंबाई में ट्रेचिंग का काम संपन्न हो चुका है। अगले एक सप्ताह में 12 किलोमीटर तक यह कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
धान की फसल कटाई के साथ ही राजमार्ग से जुड़े कार्य भी समानांतर रूप से आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन ने किसानों और रैयतों से पूर्ण सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने साफ कहा कि NH-319A के लिए अधिग्रहित भूमि पर कोई फसल नहीं बोई जाए, वरना निर्माण में बाधा आएगी और किसानों को ही नुकसान उठाना पड़ेगा। दोबारा फसल बोने से परियोजना में देरी होगी।
भू-अर्जन कार्यालय, बक्सर ने सभी प्रभावित रैयतों से मुआवजा भुगतान प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए आवश्यक दस्तावेज शीघ्र जमा करने का अनुरोध किया है। जिन्होंने अभी तक कागजात नहीं सौंपे हैं, उनके भुगतान में विलंब हो सकता है।
रैयतों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भू-अर्जन कार्यालय विभिन्न मौजों में विशेष कैंप आयोजित कर रहा है। इन कैंपों में आवेदन लिए जा रहे हैं और दस्तावेज संकलित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें तथा मुआवजा प्रक्रिया पारदर्शी और सरल तरीके से पूरी हो सके।
गौरतलब है कि NH-319A के पूरा होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी। प्रशासन का दावा है कि सभी पक्षों का सहयोग मिलता रहा तो यह महत्वपूर्ण परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएगी।

Comment here