स्थानीय

बक्सर में मतदाता जागरूकता अभियान

Spread the love

द जनमित्र | शशि

आगामी चुनावों को लेकर बक्सर जिले में स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान तेजी से चल रहा है। गुरुवार को विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने शहर के मुख्य मार्गों पर प्रभात फेरी निकालकर लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। सफेद वेशभूषा में सजे बच्चों ने हाथों में बैनर और तख्तियां थामे ‘वोट फॉर इंडिया’ और ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ जैसे नारे लगाए, जिसने राहगीरों का ध्यान खींचा।

प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुईं, जो शहर के प्रमुख रास्तों से गुजरी। इस रैली को देखकर स्थानीय लोग भी मतदान के प्रति सजग होते नजर आए। जिला प्रशासन का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों से मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी और लोकतंत्र मजबूत बनेगा।

लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत: डीडीसी

कार्यक्रम में बक्सर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) आकाश चौधरी ने कहा, “लोकतंत्र में हर एक वोट महत्वपूर्ण होता है। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है।” उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे चुनाव के दिन मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। डीडीसी ने बताया कि जिला प्रशासन गांवों और शहरों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, जिससे मतदान प्रतिशत में सुधार होगा।

कार्यक्रम में विद्यालयों के अध्यापक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

जागरूकता से बढ़ेगा मतदान प्रतिशत: प्रशासन

इस प्रभात फेरी का मुख्य उद्देश्य लोगों को मतदान के महत्व को समझाना और उन्हें चुनाव के दिन बूथ तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना था। जिला प्रशासन का मानना है कि ऐसे जागरूकता अभियानों से बक्सर का मतदान प्रतिशत निश्चित रूप से बढ़ेगा, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूती प्रदान करेगा। स्वीप कार्यक्रम के तहत आगे भी इसी तरह के आयोजन जारी रहेंगे।

Comment here