राजकाजस्थानीय

बक्सर में हाई अलर्ट: प्रशसन सख़्त, अपराधियों में हड़कंप

Spread the love

द जनमित्र | शशि

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के चलते देशभर में हाई अलर्ट है, और बिहार के बक्सर जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभम आर्य ने खुद कमान संभाली और सड़कों पर उतरकर वाहन जांच अभियान की शुरुआत की। उनके इस एक्शन से असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई है।
एसपी शुभम आर्य ने साफ शब्दों में कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए पुलिस पूरी तत्परता से काम कर रही है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध हरकत की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की। साथ ही, उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि ड्यूटी में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों को “नो इफ, नो बट” के तहत तत्काल निलंबित किया जाएगा।


इतना ही नहीं, एसपी ने जिले के थानों का औचक दौरा भी किया। उन्होंने लंबित केसों को जल्द निपटाने, शराब तस्करों पर नकेल कसने और अपराधियों की धरपकड़ में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। बक्सर पुलिस ने हाल ही में एक विशेष अभियान के तहत 43 लोगों को गिरफ्तार किया, जिसमें तीन देशी कट्टे, एक कारतूस, दो बाइक, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।


एसपी शुभम आर्य का कहना है कि जिले को अपराधमुक्त बनाने के लिए चौकीदार से लेकर थानेदार तक, सभी को अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभानी होगी। स्कूली छात्राओं की सुरक्षा और नशे के कारोबार पर लगाम उनकी टॉप प्राथमिकताओं में हैं।
बक्सर पुलिस की यह मुस्तैदी जिले में शांति और सुरक्षा कायम रखने की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रशासन ने लोगों से पुलिस का साथ देने और किसी भी इमरजेंसी में फौरन सूचना देने की गुजारिश की है।

Comment here