द जनमित्र । विमल यादव
बक्सर : बीते बुधवार को सदर अस्पताल में बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत बक्सर पहुंचे. इनके द्वारा सदर हॉस्पिटल पहुंचकर निरीक्षण किया गया. साथ ही साथ छोटका नुआंव स्वास्थ्य उपकेंद्र का भी निरीक्षण किया. इनके साथ डीएम अंशुल अग्रवाल व सिविल सर्जन डॉ सुरेश चंद्र सिन्हा मौजूद थे. सदर अस्पताल का निरीक्षण कर ही रहे थे की यहां पहुंचे सदर विधायक संजय कुमार तिवारी भी उनसे मुलाकात की एवम इसी दौरान विभिन्न विषयों पर बातचीत की तथा स्वास्थ विभाग एवं सड़क निर्माण से जुड़ी कई योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह किया.


जिस पर अपर मुख्य सचिव से तरफ से भी सकारात्मक उत्तर मिला. इसकी जानकारी देते हुए सदर विधायक ने बताया कि पिछले तीन महीनों से बंद पड़े अल्ट्रासाउंड को चलाने के लिए अपर मुख्य सचिव से आग्रह किया जिस पर अपर मुख्य सचिव ने सिविल सर्जन को यथाशीघ्र अल्ट्रासाउंड प्रारंभ करने के लिए दिशा निर्देश दिए. साथ ही सदर अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट विशेषज्ञ मूर्छक के साथ-साथ विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी दूर करने का भी आश्वासन मिला है.


वही सड़क के मामले में विधायक ने बताया कि बक्सर नगर परिषद क्षेत्र के चार प्रमुख सड़कें ज्योति प्रकाश चौक से बक्सर गोलंबर, बड़ी मस्जिद से सेंट्रल जेल, ताड़का नाला पुल से पीपी रोड होते हुए वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु एवं अंबेडकर चौक से इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग पथ के चौड़ीकरण को लेकर विभाग में लंबित प्रस्ताव पर अपर मुख्य सचिव से चर्चा की गई. जिस पर उन्होंने बताया कि ज्योति चौक से गोलंबर पथ की स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. शेष तीन पथों की भी स्वीकृति जल्द ही दी जाएगी. पथ निर्माण एवं स्वास्थ विभाग पर सरकार की प्रतिबद्धता के लिए विधायक ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं उपमुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव के प्रति आभार जताया.


Comment here