जनमित्र: बक्सर नगर परिषद चुनाव में उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिले का शोर सोमवार शाम को थम गया 19 सितंबर नामांकन दाखिले की अंतिम तिथि थी. सोमवार को चेयरमैन पद के लिए 04 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा. चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल करनेवाली प्रत्याशियों में सीता देवी, कौशल्या देवी, पूजा कुमारी और उषा देवी शामिल रहीं. बता दें कि 13 प्रत्याशी चेयरमैन पद के लिए पहले ही पर्चा भर चुकी हैं. यानी बक्सर नगर परिषद के चेयरमैन पद के लिए कुल 17 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया है.
सोमवार को चेयरमैन पद के अलावा वाइस चेयरमैन के पद के लिए भी 05 महिलाओं ने अपना नामांकन दाखिल किया. 19 सितंबर को वाइस चेयरमैन के लिए जिन प्रत्याशियों ने नामांकन भरा उनके नाम हैं- रेहाना खातून, शोभा देवी, अनिता देवी, इशरत बानो और योगिता देवी. 06 प्रत्याशी पहले ही वाइस चेयरमैन के पद के लिए नामांकन कर चुकी हैं यानी वाइस चेयरमैन के पद के लिए नामांकन करनेवालों की कुल संख्या 11 है. चेयरमैन और उपचेयरमैन के पदों के अलावा सोमवार को विभिन्न वार्डों के पार्षद पद के लिए भी 100 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया.
सोमवार की शाम नामांकन दाखिले की समयावधि खत्म होने के बाद अब सबकी निगाहें नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापिस लेनेवाले उम्मीदवारों पर टिक गई है गौरतलब है कि 20 और 21 सितंबर की तारीख नामांकन पत्रों की जांच तथा 22 से 24 सितंबर तक का समय नाम वापसी के लिए तय है. इसके बाद ही चुनाव लड़नेवाले उम्मीदवारों की सही तस्वीर सामने आएगी और यह भी पता चलेगा कि चेयरमैन, वाइस चेयरमैन समेत वार्ड पार्षद प्रत्याशियों की वास्तविक संख्या कितनी है और उसके बाद ही उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार अभियान भी सही मायने में जोर पकड़ेगा.

Comment here