द जनमित्र | शशि
रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन, डीडीयू-दानापुर रेलखंड का एक छोटा-सा पड़ाव, बुधवार को एक ऐसी त्रासदी का गवाह बना, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। दोपहर के करीब तीन बजे, जब सूरज अपनी तपिश बिखेर रहा था, एक मां और उसकी दो साल की मासूम बच्ची की जिंदगी उस वक्त थम गई, जब वे ट्रेन से उतरते हुए हादसे का शिकार हो गए।





मृतका की पहचान रोहतास जिले के दावथ थाना क्षेत्र के बरुहा गांव की 25 वर्षीय प्रियंका देवी के रूप में हुई। वह अपनी देवरानी के साथ बक्सर में आद्रा नक्षत्र के अवसर पर गंगा स्नान कर लौट रही थी। बक्सर-पटना सवारी गाड़ी से रघुनाथपुर स्टेशन पर उतरते वक्त यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेशन पर उस समय यात्रियों की भारी भीड़ थी। जल्दबाजी में उतरने की कोशिश में प्रियंका का संतुलन बिगड़ा, और वह अपनी गोद में लिए दो साल की बच्ची समेत ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के खाली स्थान में फिसल गई। दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मृत्यु हो गई। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई और भीड़भाड़ ने इस हादसे को और घातक बना दिया। लोग चीख-पुकार के बीच स्तब्ध रह गए। स्टेशन पर अफरातफरी मच गई, और यात्रियों ने तुरंत जीआरपी को सूचित किया। मौके पर पहुंची जीआरपी ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जीआरपी थाना अध्यक्ष ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए जांच शुरू करने की बात कही। ऊंचे प्लेटफॉर्म, भीड़ का दबाव और जागरूकता की कमी ऐसी त्रासदियों को लगातार न्योता दे रहा है।


Comment here