सेहत

करहंसी विद्यालय में 55 छात्राओं को लगा HPV का टीका

Spread the love

द जनमित्र | शशि

सदर पीएचसी के अंतर्गत करहंसी स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय में शुक्रवार को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कुल 55 छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV का टीका लगाया गया, जो महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

कार्यक्रम की देखरेख सदर पीएचसी के ब्लॉक हेल्थ मैनेजर (बीएचएम) प्रिंस सिंह ने की। शुरुआत में छात्राओं को HPV टीकाकरण के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। करहंसी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) सुनीता कुमारी ने बताया कि यह टीका सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय पर टीकाकरण से भविष्य में कई स्वास्थ्य जोखिमों से मुक्ति मिल सकती है।

टीकाकरण प्रक्रिया के दौरान सीएचओ सुनीता कुमारी और एएनएम कुमारी अर्चना ने छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की और फिर टीका लगाया। सीएचओ ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने कहा, “यह टीकाकरण अभियान का मुख्य उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम करना है, ताकि महिलाओं का जीवन स्वस्थ और सुरक्षित रहे।”

कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। एएनएम कुमारी अर्चना, आशा फैसिलिटेटर अर्चना श्रीवास्तव और आशा कार्यकर्ताओं ने छात्राओं को टीकाकरण से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देंगे।

Comment here