जनमित्र/बक्सर: शनिवार 17 सितंबर का दिन बक्सर नगर परिषद चुनाव के नजरिये से खासा महत्वपूर्ण रहा. चेयरमैन और उपचेयरमैन समेत विभिन्न वार्डों के पार्षद पद के लिए कई प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया. हालांकि सबकी निगाहें खासतौर पर चेयरमैन पद के लिए नामांकन दाखिल करनेवालों पर ही टिकी थी, क्योंकि शुक्रवार तक चेयरमैन पद के लिए सिर्फ दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किया था. सबको उम्मीद थी कि अगले दिन उम्मीदवारों की संख्या में इजाफा होगा और ऐसा हुआ भी. शनिवार को चेयरमैन पद के लिए 11 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया. हालांकि एक उम्मीदवार ने अलग अलग प्रस्तावक और समर्थकों के नाम के साथ दो नामांकन पत्र भरा है.
शनिवार को जिन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा उनमें निवर्तमान चेयरमैन माया देवी के अलावा कमरून निशा, रूबी निसार, हिना कौसर, अंजली देवी, रजिया खातून, सदाफ रशीद, पुष्पा देवी, प्रतिमा कुमारी, निर्मला देवी, और रमावती देवी के नाम शामिल रहे. इससे पहले शुक्रवार को सबीहा प्रवीन और गीता देवी ने चेयरमैन पद के लिए पर्चा भरा था.
शनिवार को चेयरमैन पद के अलावा वाइस चेयरमैन के पद के लिए भी 06 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया. वाइस चेयरमैन के पद के लिए पर्चा दाखिल करनेवालों में बेबी देवी, शीला देवी, सकीना बेगम, रंजीता देवी, रीता देवी और तबस्सुम निशां शामिल हैं. वार्ड पार्षद पद के लिए शनिवार को 105 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया.
वैसे शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल करनेवाले उम्मीदवारों को कुदरत ने थोड़ा निराश भी किया, क्योंकि कई उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिला के बहाने भव्य जुलूस निकालने की भी तैयारी कर रखी थी ताकि इसके जरिए बक्सर की जनता को वे प्रभावित कर सकें, लेकिन ऐन मौके पर हुई मुसलाधार बारिश ने उनकी सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया. जिसके चलते उम्मीदवारों के साथ साथ उनके समर्थकों के चेहरों पर भी थोड़ी मायूसी दिखाई दी.
बता दें कि शनिवार के नामांकन दाखिले के बाद चेयरमैन पद के उम्मीदवारों की कुल संख्या 13 हो गई है. नामांकन जमा करने की आखिरी तारीख यानी 19 सितंबर तक इसमें कुछ और नाम जुड़ सकते हैं. बहरहाल अभी तक जिन उम्मीदवारों ने पर्चा भरा है, उन्हें देखते हुए लगता है कि मुकाबला न सिर्फ रोचक होगा, बल्कि कांटे का भी होगा.

Comment here