स्थानीय

उप मुख्य पार्षद चुनाव में होगा देश का पहला ई-वोटिंग प्रयोग

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बिहार देश में पहली बार ई-वोटिंग की राह पर कदम रखने को तैयार है, और ये ऐतिहासिक प्रयोग बक्सर नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के उपचुनाव में 28 जून को होगा। इसके साथ ही बिहार, ई-वोटिंग अपनाने वाला भारत का पहला राज्य बनने जा रहा है।
जिला प्रशासन ने 136 मतदान केंद्रों की व्यवस्था की है, जहां करीब 13,000 पंजीकृत मतदाता अपने मोबाइल फोन से वोट डाल सकेंगे। बुजुर्ग, दिव्यांग, गर्भवती महिलाएं, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोग और प्रवासी श्रमिक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। बस, शर्त ये है कि मतदाताओं को पहले एक खास मोबाइल ऐप पर रजिस्टर करना होगा। वोटिंग 28 जून को सुबह 7 से दोपहर 1 बजे तक होगी, और 30 जून को मतगणना होगी।
ये पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और गोपनीय है। वोट डालने के बाद वोट लॉक हो जाएगा, जिसे केवल मतदान के दिन ही खोला जाएगा, ताकि गोपनीयता बरकरार रहे। बक्सर के जिलाधिकारी डॉ. विद्या नन्द सिंह ने बताया कि ई-वोटिंग को कामयाब बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया गया है। 5 मतदान केंद्रों पर मॉक पोल भी किया गया, ताकि ईवीएम की कार्यक्षमता की जांच हो सके। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि चुनाव को समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। इस साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। अगर बक्सर का ये प्रयोग हिट रहा, तो राज्य निर्वाचन आयोग इसे विधानसभा चुनाव में भी आजमाने पर विचार कर सकता है। अभी बिहार में औसतन 60% से कम मतदान होता है, जो चिंता की बात है। ई-वोटिंग जैसे इनोवेशन से न सिर्फ वोटिंग प्रतिशत बढ़ सकता है, बल्कि लोकतंत्र में लोगों की भागीदारी भी मजबूत होगी।
बिहार का ये पहला ई-वोटिंग प्रयोग लोगों में उत्साह जगा रहा है। अगर ये कामयाब रहा, तो ये पूरे देश के लिए एक मिसाल बन सकता है, जो लोकतंत्र को और आसान और समावेशी बनाएगा।

Comment here