ग्राउंड रिपोर्ट

नगर विकास विभाग की योजनाओं को लेकर हुई समीक्षा बैठक

Spread the love

द जनमित्र । विमल यादव। 9431092766

बक्सर: जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के अध्यक्षता में नगर विकास विभाग के योजनाओं की समीक्षा एवं नगर विकास विभाग के नवाचार गतिविधियों के संबंध में बैठक समाहरणालय परिसर अवस्थित कार्यालय कक्ष में आहूत की गई. जिला पदाधिकारी ने नगर विकास विभाग के समीक्षा के क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, डुमरांव को निर्देश दिया कि सभी चिन्हित स्थलों से कूड़ा का उठाव एवं उसका निस्तारण समय से किया जाए. कूड़ा उठाव से संबंधित जो भी शिकायत प्राप्त होती हैं उसका त्वरित निष्पादन किया जाये. साथ ही इस आशय का प्रतिदेवन देना भी सुनिश्चित करेंगे कि कितनी शिकायतें प्राप्त हुए और कितने पर कारवाई की गई.

कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर/डुमरांव को निर्देश दिया गया कि इस संबंध में साप्ताहिक प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करेंगे. साथ ही पूर्व से जो कूड़ा जहां तहां पड़ा हुआ है. उसका ससमय उठाव एवं निष्पादन कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया. कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर डुमरांव ने बताया कि ईएम सॉल्यूशन के छिड़काव से इसका निस्तारण किया जा सकता है. जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर, डुमरांव को रामरेखा घाट पर तनाव एवं अन्य धार्मिक कार्यकर्मो के पूर्व और उसके बाद सभी स्थानों के साफ-सफाई करने, शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था एवं पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. साथ ही महत्वपूर्ण स्थान पर लाइटिंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया. एसटीपी योजना के संबंध में समीक्षा की गई. समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अभी कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है. जिसके आलोक में जिला पदाधिकारी के द्वारा कार्यपालक अभियंता बुडको को संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर योजना में प्रगति लाने का निर्देश दिया गया.

बक्सर के शवदाह गृह के निर्माण के समीक्षा के क्रम में बताया गया कि अभी कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है. जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता बुडको को स्पष्टीकरण देते हुए शवदाह गृह निर्माण को अतिशीघ्र प्रारंभ करने का निर्देश दिया. बुडको के सहायक अभियंता के द्वारा बताया गया कि 31.08.2023 तक बक्सर नगर परिषद के सभी वार्डों में शत प्रतिशत पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था कर दी जाएगी. जिला पदाधिकारी ने बक्सर डुमरांव के सभी महत्वपूर्ण स्थानो पर सीसीटीवी कैमरा लगाने हेतु कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया. लैंड फिल साइट के बारे में चर्चा कर संबंधित पदाधिकारी को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए.

Comment here