द जनमित्र । विमल यादव। 9431092766
बक्सर : बीते 02 मई को 03 वर्ष का एक बच्चा वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन से गुम हो गया था. बच्चे के गायब होने के बाद अपहरण की रिपोर्ट जीआरपी थाने में दर्ज करा दी गई थी. जिसके बाद वह बच्चा जिले के कोरान सराय के समीप स्थित मुंगाव गांव से बरामद कर लिया गया. वही मुंगांव के स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर कोरान सराय पुलिस ने बच्चे को गांव के ही बसंत यादव के घर से बरामद कर उसे चाइल्ड लाइन के माध्यम से बाल कल्याण समिति बक्सर को सौंप दिया.


पहले तो बच्चें के बारे में कुछ पता नहीं चल पा रहा था कि यह बच्चा कहा का और किसका है? लेकिन काफी खोजबीन के दौरान उसके माता-पिता का पता चल गया. हालांकि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बसंत नामक जिस व्यक्ति के घर से बच्चा बरामद हुआ है. इस मामले में उसकी भूमिका क्या रही है. वैसे बसंत ने पुलिस को बताया है कि वह उसे वाराणसी कैंट से लावारिश हालत में मिला था चूंकि मेरा कोई बच्चा नहीं है इसलिए उसने इसे पालने की नीयत से अपने घर लाया और अपने पास रखा था. इधर बाल कल्याण समिति ने उक्त बच्चें को संरक्षण के लिए ’विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान’ आरा को सौंप दिया.


काउंसिलिंग के दौरान ही उक्त बच्चें की पहचान सुनिश्चित करने के लिए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विभा देवी ने बच्चें को अपने गोद में लेकर उसकी तस्वीर विभिन्न थानों तथा रेल पुलिस के अलावे सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया. इधर बच्चे के माता पिता ने भी बच्चे के गुम होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसके बाद उसकी तस्वीर सहित गुमशुदगी की सूचना वाराणसी कैंट, दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर चिपगाई गई थी. इसी दौरान किसी व्यक्ति की नजर उक्त नोटिस के साथ ही वायरल फोटो पर पड़ी जिसके बाद उसके द्वारा स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई. इसके बाद डुमरांव एसडीपीओ अफाक अंसारी व बाल कल्याण समिति द्वारा वाराणसी कैंट रेल थाने के माध्यम से बच्चें के माता पिता से संपर्क कर यह जानकारी दी गई कि उनका बच्चा सुरक्षित है तथा वह फिलहाल चाइल्ड वेलफेयर कमिटी के निर्देश पर विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान आरा में है. इसके बाद उसके माता पिता बक्सर पहुंचे.


हालांकि कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अभी उनका बच्चा उन्हें सौंपा नहीं गया है. संभावना है कि आज उनको सुपुर्द कर दिया जाएगा. बच्चा सुरक्षित मिलने के बाद दंपति ने डुमरांव एसडीपीओ अफाक अंसारी व बाल कल्याण समिति को बहुत धन्यवाद भी दिया.

Comment here