जिले में चोरी करने का नया तरिका देख हर कोई है हैरान. साधु के वेश में पहुंच बहुरुपिये ने किया किस्मत बदलने का दावा, नशीली जलेबी खिला किया बड़ा कांड. घटना में गृहस्वामी समेत कई लोग हुए बेहोश, लाखों की चोरी का अनुमान पीड़ितों का गंभीर अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है इलाज.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सर: जिले के डुमराँव अनुमण्डल अंतर्गत कोरानसराय थाना क्षेत्र चुआड़ गांव में साधु के वेश में आए एक बहुरुपिए ने एक परिवार को झांसे में लेकर किस्मत बदलने के नाम पर जलेबी में नशीला पदार्थ खिला दिया जिससे पूरा परिवार बेहोश हो गया. इसके बाद वह आराम से घर में रखे आभूषण, नगदी तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया है. आस पास के लोगों को जब इस घटना की भनक लगी तो सभी को बेहोशी की अवस्था में इलाज के लिए लेेकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे जहां उनका इलाज जारी है. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बनी हुई है इस घटना में कितने रुपए की संपत्ति गायब हुई है इसका सही-सही आकलन नहीं हो पा रहा है उम्मीद है कि होश में आने के बाद परिवार के लोग कुछ बता पायेंगे.


साधु के भेष में आया था चोर
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक चुआड़ गांव निवासी सुरेंद्र पांडेय के घर पर शुक्रवार की दोपहर साधु का वेश धरे एक बहरुपिया पहुंचा. उसने बताया कि वह पास ही चल रहे यज्ञ में शामिल होने आया है. उसने खुद को बहुत पहुंचा हुआ बताया और दावा किया कि वह किस्मत बदल सकता है. बहला फुसलाकर उसने घरवालों को जलेबी खिला दी. उस जलेबी में नशीली दवा मिली थी जिससे कि सभी बेहोश हो गए. नशीली जलेबी खाने वालों में गृह स्वामी सुरेन्द्र पांडेय ( 50 वर्ष ) उनकी पत्नी धर्मशीला देवी, पुत्री खुशबू, रीमा, अंतिमा के अलावे तीन और पुत्रियां, बेटा तथा एक नाती शामिल है. इस घटना के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है. एक दिन पहले से उस घर में ठहरा हुआ था साधु.


क्या कहते है अधिकारी
इस मामले की जानकारी देते हुए कोरान सराय थाना प्रभारी रंजीत कुमार पांडे ने बताया कि, शुक्रवार शाम 4:00 बजे की घटना है. साधु के भेष में एक दिन पहले से ही चुआड़ गांव के रहने वाले सुरेंद्र पांडे के घर में एक व्यक्ति ठहरा हुआ था जो लंबे समय से उस परिवार से परिचित है. रातोरात किस्मत बदलने एवं कई तरह का प्रलोभन देकर कोल्ड ड्रिंक और जिलेबी में नशीले पदार्थ मिलाकर पूरे परिवार को खिला पिला दिया. एक एक कर परिवार के सभी सदस्य जब बेहोश हो गए, जिसके बाद घर में रखे समान की चोरी कर वह भाग गया गृह स्वामी समेत परिवार के सभी सदस्यों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. साधु के भेष में पहुंचे बहुरूपिया की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर जेल भेजेगी.
गौरतलब है कि साधु के भेष में पहुंचे इस लुटेरे के कारनामें को जानकर और सुनकर हर कोई हैरान है हालांकि परिवार के सदस्यों के होश में आने के बाद ही इस बात की जानकारी निकल कर आएगी की वह इस परिवार के घर में कैसे एक दिन पहले से आश्रय लिया हुआ था.


Comment here