नही थम रहा है जिले में हर्ष फायरिंग में गोली लगने की घटना, एक सप्ताह के अंदर डुमराँव अनुमण्डल से आया दूसरा मामला. तिलक समारोह के दौरान 75 वर्षीय वृद्ध को लगी गोली. सिमरी थाना क्षेत्र के छोटकी लहना गांव की है घटना.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सरः जिले में लगातार हर्ष फायरिंग का मामला सामने आ रहा है. एक सप्ताह के अंदर डुमराँव अनुमंडल से यह दूसरा मामला सामने आया है जहां हर्ष फायरिंग में देर रात एक 75 वर्षीय वृद्ध को गोली लग गई जिसके बाद अफ़रातफ़री मच गई आनन फानन में उसे शहर के विश्वामित्र होस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है.


तिलक समारोह के दौरान हो रही थी हर्ष फायरिंग
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार सिमरी थाना क्षेत्र के छोटकी लहना गांव में अलक नाथ सिंह के यहां आरा से तिलक आया हुआ था जहां आंगन में तिलक चढ़ाने के दौरान हो रहे हर्ष फायरिंग में आरा के ही रहने वाले 75 वर्षीय रामरूप सिंह के पैर में सीधे गोली जा लगी जिसके बाद वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगे आनन फानन में परिजनों ने उन्हें विश्वामित्र हॉस्पिटल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है.


क्या कहते है डॉक्टर
वृद्ध का इलाज कर रहे डॉक्टर राजीव कुमार झा ने बताया कि वृद्ध के पैर में गोली लगी है जिससे उसका पैर का हड्डी टूटकर चूर हो गया है. ऑपरेशन कर पैर से गोली निकाल दिया गया है. फिलहाल वह खतरे से बाहर है.


क्या कहते है अधिकारी
वही इस घटना की पुष्टि करते हुए सिमरी के नए थाना प्रभारी स्मृति कुमारी ने बताया कि फर्द बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए करवाई चल रही है. तिलक समारोह में जो वीडियो ग्राफी हुई है उसका फुटेज चेक किया जा रहा है कि कितने लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे और कौन कौन हथियार का इस्तेमाल किया गया है.
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह के अंदर हर्ष फायरिंग में गोली लगने का यह दूसरा मामला है. बक्सर पुलिस कप्तान ने जल्द से जल्द सभी आरोपियो को गिरफ्तार कर जेल भेजने का सख्त निर्देश दिया है.

Comment here