ग्राउंड रिपोर्टस्थानीय

हॉस्टल से गायब हुआ छात्र, परिजनों ने किया हंगामा

Spread the love

हॉस्टल से गायब हुआ छात्र परिजनों ने किया हंगामा, जांच करने पहुंचे एसपी. औद्योगिक थाना क्षेत्र के यशोदा नगर कॉलोनी का है मामला. उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का निवासी है लापता छात्र.

द जनमित्र | सरिता कुमारी

बक्सर: जिले क़े औद्योगिक थाना क्षेत्र के यशोदा नगर मोहल्ले में स्थित एक निजी विद्यालय के हॉस्टल से एक 12 वर्षीय छात्र गायब हो गया है. स्कूल प्रबंधन के द्वारा बताया गया कि पढ़ाई-लिखाई के लिए बच्चे को डांट पड़ी थी, जिसके बाद से वह गायब हो गया. उसके साथ उसका छोटा भाई भी इसी स्कूल में पढ़ता है और हॉस्टल में ही रहता है. उसने बताया कि वह हॉस्टल प्रबंधन के द्वारा डांटने की वजह से नाराज था. ऐसे में यह माना जा रहा है कि वह नाराजगी में ही कहीं चला गया है. उधर बच्चों के गायब होने की सूचना पर हॉस्टल पहुँचे परिजन ने छात्र का अपहरण कर लिए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. मामले को सूचना मिलते ही एसपी मनीष कुमार औद्योगिक थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर स्वयं मामले की जांच की. फिलहाल छात्र के गायब होने की प्राथमिक दर्ज कर पुलिस छात्र की तलाश कर रही है.

घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए औधोगिक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया की गाजीपुर जिले के सोहवल थाना क्षेत्र के डोंहिया गांव निवासी संजय राय के दो पुत्र 12 वर्षीय राज तथा 8 वर्षीय मुन्ना इसी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं. बुधवार की दोपहर से ही 12 वर्षीय राज हॉस्टल से गायब हो गया है. उसने इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल लिखा टी-शर्ट तथा पीला लोअर पहना हुआ है. जैसे ही इस बात की सूचना परिजनों को मिली वह बक्सर पहुंचे और हंगामा करने लगे. उन्होंने पुलिस को यह सूचना दी कि उनके पुत्र का अपहरण हो गया है, जिसके बाद तुरंत ही एसपी मनीष कुमार मौके पर पहुंच गए.

समोसा खाता देखा गया था गायब बच्चा :

थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ करने के बाद छात्र के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है. समीप के ही एक अन्य बच्चे ने बताया है कि राज नामक गायब बच्चा समोसे की दुकान पर समोसा खाता दिखा है. ऐसे में पुलिस इस सूचना के आधार पर भी जांच को आगे बढ़ा रही है.

Comment here