अपराधघटना

ओवरटेक विवाद में ट्रक चालक ने दूसरे ड्राइवर को कुचलकर की हत्या

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर इलाके में देर रात ओवरटेक को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। एक ट्रक चालक ने दूसरे ट्रक चालक को अपने वाहन से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। घटना में शामिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, ‘नो एंट्री’ समाप्त होने के बाद पुराना भोजपुर में ट्रकों का आवागमन शुरू हुआ था। इसी दौरान दो ट्रक चालकों के बीच आगे निकलने और ओवरटेक करने को लेकर तीखी बहस छिड़ गई। विवाद बढ़ने पर एक चालक ने अपना ट्रक सड़क किनारे रोका और लोहे की रॉड लेकर दूसरे चालक की ओर बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वह रॉड लेकर दूसरे ट्रक की ओर पहुंचा, आरोपी चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे तेजी से कुचल दिया। ट्रक की चपेट में आने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी रामायण यादव के पुत्र पंकज यादव के रूप में हुई है। पंकज मालवाहक ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।

सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नया भोजपुर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि ओवरटेक विवाद के दौरान यह हादसा-हत्या हुई। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comment here