घटना

सड़क हादसा: ट्रैक्टर-साइकिल टक्कर में दो युवकों की मौत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव के निकट गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक और साइकिल सवार दोनों की मौके पर या अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हो गई।

मृतकों में एक की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा गांव निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र राम, पुत्र योगेंद्र राम के रूप में हुई है। वे बक्सर नगर पालिका में ट्रैक्टर चालक के पद पर कार्यरत थे। दूसरा मृतक इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी 40 वर्षीय दया शंकर शर्मा, पुत्र विमल शर्मा है। दया शंकर बिहार से बाहर किसी कंपनी में मजदूरी करते थे और होली की छुट्टियों में एक सप्ताह पहले गांव लौटे थे। उनके दो बच्चे हैं, जिसमें एक लड़का शामिल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक साइकिल पर बक्सर की ओर जा रहे थे। उसी दौरान धर्मेंद्र राम ट्रैक्टर चला रहे थे। अचानक सामने से साइकिल सवार आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। ट्रैक्टर ने साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इस भीषण टक्कर में ट्रैक्टर चालक धर्मेंद्र राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साइकिल सवार दया शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि दया शंकर ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इटाढ़ी थाना पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त साइकिल और गड्ढे में पड़े ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है। दोनों शव सदर अस्पताल में रखे गए हैं और परिजन सदमे में हैं।

धर्मेंद्र राम विवाहित थे और उनके भी दो छोटे बच्चे हैं। वे ट्रैक्टर चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। इस हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Comment here