द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जवही दियर पुलिस पिकेट पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर बदमाशों ने लाठी-डंडों और लात-घूसों से जमकर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह वारदात 2 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे हुई, जिसका एक वीडियो 5 मार्च को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिकेट पर तैनात हवलदार रामप्यारे पासवान और सिपाही रौशन कुमार गश्त के दौरान पास ही स्थित अशोक चौबे की किराना दुकान से सामान खरीदकर लौट रहे थे। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार आठ-नौ बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि बदमाश हाल ही में पुलिस की शराब पकड़ने की कार्रवाई से खफा थे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने दोनों पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
हमले में सिपाही रौशन कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। हवलदार रामप्यारे पासवान को भी कई अंदरूनी चोटें आईं। बदमाशों ने दोनों को जमीन पर गिराकर लात-घूसों से भी बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने मारपीट के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, जिसके बाद बदमाश फरार हो गए। एक ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में पिकेट पर तैनात सिपाही धीरज कुमार को सौंप दिया गया। वीडियो फुटेज और स्थानीय चौकीदार की मदद से पांच आरोपियों की पहचान हुई है, जबकि चार अन्य अभी अज्ञात हैं।
घटना के बाद दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत ब्रह्मपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार सिपाही रौशन कुमार के सिर में गहरी चोट है, जबकि हवलदार को भी गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
3 मार्च को हवलदार रामप्यारे पासवान ने ब्रह्मपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी अंशु कुमारी ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को एक आरोपी गोपाल कुंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने साफ कहा है कि पुलिसकर्मियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


Comment here