राजनीति

बिहार में राजनीतिक उलटफेर: नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन की आज अंतिम तिथि थी, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपना पर्चा दाखिल कर दिया। इस कदम के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार को अब नया मुख्यमंत्री मिलने वाला है। नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट करके राज्यसभा जाने की अपनी लंबे समय से चली आ रही इच्छा जाहिर की थी।

एनडीए के उम्मीदवारों में नीतीश कुमार के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश राम ने भी नामांकन किया। जनता दल यूनाइटेड से रामनाथ ठाकुर और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से उपेंद्र कुशवाहा ने भी पर्चा भरा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इससे पहले सीएम आवास पर अमित शाह और नीतीश कुमार के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और नितिन नवीन भी शामिल थे। सूत्रों के अनुसार बैठक में बिहार के अगले मुख्यमंत्री के चेहरे पर चर्चा हुई।

एनडीए गठबंधन ने सभी पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं, जिसमें जेडीयू और भाजपा को दो-दो सीटें मिली हैं, जबकि एक सीट आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा को दी गई है।

विपक्षी राजद की ओर से एडी सिंह ने नामांकन किया, जिसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और भोला यादव सहित कई नेता मौजूद रहे। राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होने हैं, जिसके बाद बिहार में मुख्यमंत्री पद पर बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

Comment here