द जनमित्र डेस्क
डुमरांव । प्रखंड के एक स्कूल में दो शिक्षकों ने पिछले कुछ दिनों से नाबालिग छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।

इसके बाद विद्यार्थियों ने खुद आगे बढ़कर अभिभावकों के साथ स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया।
सूचना मिलते ही राजद राज्य समिति के नेता धर्मेंद्र यादव, आरवाईए के सुरेंद्र कुशवाहा, बीरन यादव, आशीष आनंद, सोनू यादव समेत कई कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली।
आरवाईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजीत कुमार सिंह ने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। दोषी शिक्षकों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्हें सिर्फ निलंबित कर छोड़ दिया गया, जो किसी भी तरह न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां भाजपा की सरकार है, वहां छात्राएं और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के नेता अक्सर बलात्कारियों का फूलमालाओं से स्वागत करते और उनके समर्थन में जुलूस निकालते रहे हैं।
अजीत सिंह ने प्रशासन से मांग की कि दोनों शिक्षकों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। उनके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शीघ्र सुनवाई करते हुए कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसे घिनौने कृत्य के बारे में सोचने की भी हिम्मत न करे।

Comment here