सेहत

विधायक ने दिया सदर अस्पताल की कमियां दूर करने का दिया टारगेट

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

सदर विधायक आनंद मिश्रा ने बुधवार को बक्सर सदर अस्पताल और चरित्रवन स्थित मुक्ति धाम का औचक निरीक्षण किया। मरीजों व उनके परिजनों से लगातार मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की शिकायतों और 7 दिसंबर को हार्ट अटैक से अनिल चौरसिया की हुई मौत के बाद विधायक स्वयं अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अस्पताल स्टाफ के साथ लंबी बैठक के बाद विधायक ने घोषणा की कि 18 दिसंबर तक सदर अस्पताल की सभी प्रमुख कमियों को दूर कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “बक्सर सदर अस्पताल पूरे क्षेत्र का स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन यहां डॉक्टरों-नर्सों की कमी, दवाइयों की अनुपलब्धता और दलाली जैसी समस्याएं लंबे समय से चल रही हैं। इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

ऑपरेशन दलाल’ होगा बंद, पारदर्शी व्यवस्था लागू होगी
विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। “अगले सप्ताह से सुधार कार्य शुरू हो जाएगा। चाहे संरचना की कमी हो या जनशक्ति की, स्वास्थ्य मंत्री से बात करके हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अस्पताल का नया और पुराना दोनों भवन अब काफी विकसित हो चुका है, लेकिन उसे चलाने के लिए पर्याप्त डॉक्टर, नर्स और अन्य स्टाफ नहीं हैं। इन व्यावहारिक समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा रहा है।

मुक्ति धाम में भी सुविधाओं का जायजा, सभी घाट आपस में जुड़ेंगे
निरीक्षण के दूसरे चरण में विधायक चरित्रवन मुक्ति धाम पहुंचे। वहां शवदाह करने आने वाले लोगों की मूलभूत परेशानियों (पानी, छांव, बैठने की जगह आदि) को देखा और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र सुधार के निर्देश दिए। साथ ही सिपाही घाट से अहिरौली तक सभी घाटों को जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम शुरू करने की बात कही। इससे न केवल अंतिम संस्कार में लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और विकास भी होगा।

विधायक आनंद मिश्रा ने कहा, “जनता ने मुझे चुना है उनकी सेवा और समस्याओं के समाधान के लिए। चाहे अस्पताल हो या मुक्ति धाम, हर जगह मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना मेरी प्राथमिकता है। 18 दिसंबर तक सदर अस्पताल में दिखने वाला बदलाव जनता खुद महसूस करेगी।”

अस्पताल प्रशासन ने विधायक के निर्देशों का तुरंत अनुपालन शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में बक्सर सदर अस्पताल में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Comment here