ग्राउंड रिपोर्ट

सड़क दुर्घटना में हुई दो लोगों की मौत

Spread the love

द जनमित्र । विमल यादव

बक्सर : जिले में रविवार की सुबह की शुरुआत दुर्घटनाओं से हुई. अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई है तो आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए. घायल का इलाज निजी अस्पताल में हो रहा है. डुमरांव से एक किमी दूर स्थित टेढ़की पुल के पास शनिवार की देर रात यहाँ ऑटो और स्विफ्ट डिजायर कार की सीधी टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ऑटो में सवार चालक समेत चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस ने घायल व्यक्तियों के इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा. लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज करने के बाद रेफर कर दिया गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो दो हिस्से में बंट गया जबकि कार क्षतिग्रस्त हो गई. इस घटना के बाद कार छोड़कर सभी लोग भाग गए. मृतक की पहचान सोनू राय पिता स्व सूर्यनाथ राय सिमरी थाना क्षेत्र के ग्राम नगपुरा के निवासी थे जिनकी उम्र लगभग 45 साल थी. जबकि इसी गांव के गोपाल मिश्र, मोनू साह, आयुष गुप्ता और नितेश कुमार भी गंभीर रूप से घायल हैं. सभी आटो पर सवार होकर गांव के ही केदार चौबे के तिलक समारोह से वापस लौट रहे थे. इस दुर्घटना के बाद दोनों वाहन बीच सड़क पर पलट गए थे. इससे घंटो परिचालन बाधित रहा. इस मामले को डुमरांव थानाध्यक्ष बिंदेश्वर राम ने बताया कि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आपको बता दें कि ऐसी ही दूसरी घटना कोरान सराय थाना से लगभग 150 मीटर की दूरी दखिनाव डेरा के पास सुबह सात बजे घटी.

एक दूध बेचने वाले ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार दंपत्ति जख्मी हो गए. यहां की स्थानीय पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान आरा जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी मुनजी पासवान के रूप में हुई है. इसकी उम्र लगभग 37 वर्ष थी. लेकिन इसकी पत्नी लीलावती देवी को मामूली चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद पुलिस ने दुग्ध वाहन को जब्त कर चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना की जानकारी कोरान सराय के प्रभारी थानाध्यक्ष ने दी.

Comment here