राजकाज

धनसोई को प्रखंड बनाने की दो दशक पुरानी मांग फिर विधानसभा में गूंजी

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

धनसोई को प्रखंड का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग एक बार फिर बिहार विधानसभा में जोर-शोर से उठाई गई है। राजपुर विधानसभा क्षेत्र के जदयू विधायक संतोष कुमार निराला ने सदन में यह मुद्दा गंभीरता से उठाते हुए विधानसभा अध्यक्ष को स्थानीय लोगों की परेशानियों से अवगत कराया।

विधायक ने बताया कि धनसोई बाजार के निवासियों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लगभग 25 किलोमीटर दूर राजपुर प्रखंड मुख्यालय जाना पड़ता है, जिससे उन्हें रोजाना काफी असुविधा झेलनी पड़ती है। यह मांग 1995 से लंबित चल रही है, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने इटाढ़ी उच्च विद्यालय के मैदान में जनसभा में धनसोई को प्रखंड बनाने का वादा किया था। उन्होंने 2000 के चुनावी सभा में भी इस वादे को दोहराया।

इसके बाद 2005 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान रामविलास पासवान, सुशील कुमार मोदी और सुषमा स्वराज ने भी धनसोई को प्रखंड का दर्जा दिलाने की जोरदार वकालत की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान तियरा और धनसोई के कॉलेज मैदान में जनसभाओं में इसकी घोषणा की थी और कहा था कि वे जो कहते हैं, उसे करके दिखाते हैं। घोषणा के बाद जिला प्रशासन से प्रस्ताव भी मांगा गया था।

नवंबर 2024 में राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम ने भी विधानसभा में धनसोई बाजार को प्रखंड बनाने की मांग की थी। उस समय मंत्री श्रवण कुमार ने जवाब दिया था कि बक्सर के जिलाधिकारी द्वारा प्रतिवेदन प्रमंडलीय आयुक्त को भेजा गया है और उसके बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।

इस बार भी जब विधायक संतोष निराला ने मुद्दा उठाया तो कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने लगभग वही जवाब दोहराया। उन्होंने कहा कि बक्सर के जिलाधिकारी से स्पष्ट मतलब के साथ विहित प्रपत्र में प्रमंडलीय आयुक्त के माध्यम से विभाग को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई संभव होगी।

स्थानीय लोग अब उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार मांग पर ठोस कार्रवाई होगी और धनसोई को प्रखंड का दर्जा मिल सकेगा।

Comment here