द जनमित्र डेस्क
शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित रामरेखा घाट पर रविवार को गंगा नदी में मछली पकड़ने के दौरान तीन युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 41 वर्षीय संजू भर, 20 वर्षीय महावीर चौधरी और 16 वर्षीय आकाश चौधरी सुबह रामरेखा घाट पर गंगा में मछली मार रहे थे। इसी दौरान एक युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी तेज धारा की चपेट में आ गए और तीनों डूबने लगे।
घटना देख घाट पर मौजूद स्नान करने वाले श्रद्धालु, स्थानीय नाविक और आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कुछ लोगों ने नदी में छलांग लगाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक महावीर चौधरी और संजू भर की मौत हो चुकी थी। आकाश चौधरी को गंभीर हालत में बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
अस्पताल पहुंचते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिसर में चीख-पुकार और रोने-धोने का माहौल बन गया। गमगीन परिजनों ने मीडिया के सामने अपना आक्रोश जताया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया।
घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि हादसा मछली पकड़ते समय संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ। पुलिस ने कहा कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
होली से ठीक पहले हुई इस हृदयविदारक घटना से पूरे बक्सर शहर में मातम का माहौल छा गया है। रामरेखा घाट पर देखते ही देखते हजारों लोग जुट गए और हर आंख नम हो गई।


Comment here