अपराध

दार्जिलिंग निवासी निजी शिक्षक का बक्सर में पेड़ से लटकते मिला शव.

Spread the love

निजी विद्यालय के शिक्षक का पेड़ से लटकता मिला शव, इलाके में मचा हड़कम्प. नया भोजपुर ओपी के पुराना भोजपुर गांव में आम के पेड़ से लटका मिला शव. दार्जलिंग निवासी शिक्षक, सिमरी के निजी विद्यालय में थे कार्यरत.

द जनमित्र । एस कुमार विमल

बक्सर : जिले के डुमराव अनुमण्डल अंतर्गत नया भोजपुर ओपी के पुराना भोजपुर में आम की पेड़ से लटकते हुए निजी विद्यालय के एक शिक्षक का शव मिलने से हड़कम्प मच गया है. पिछले दो दिनों से शिक्षक जब स्कूल नही पहुचे तो स्कूल प्रशासन ने उनके परिजनों से सम्पर्क साधा उसके बाद भी पता नही चल पाया. आज स्थानीय लोगो ने जब आम की पेंड से लटकते हुए एक व्यक्ति का शव देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी. जिसके बाद घटना स्थल पर पहुँची पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक की पहचान निजी विद्यालय के शिक्षक के रूप में हुई है, जो दार्जलिंग का मूल निवासी है. पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दे दी है.

दो दिनों से नही जा रहे थे विद्यालय

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार सिमरी थाना क्षेत्र के बड़का राजपुर गाँव में स्थित एसआर पब्लिक स्कूल में दार्जिलिंग के खोखरबाग थाना क्षेत्र के खासमहल गांव निवासी चंद्र बहादुर छेत्री के 25 वर्षीय पुत्र अनिल छेत्री निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. उन्होंने पुराना भोजपुर स्थित श्री राम आइटीआई के समीप किराये पर रहने के लिए मकान लिया था. लेकिन पिछले दो दिनों से वह गायब थे. स्कूल के निदेशक शिवकुमार केशरी ने जब शिक्षक के परिजनों से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि वह किसी मंदिर में होंगे. कई मंदिरों में ढूंढा गया लेकिन शिक्षक का कोई अता-पता नहीं चला. इसी बीच उसका शव आम की पेंड से फंदे पर लटकता हुआ बरामद किया गया है.

क्या कहते है एसडीपीओ

डुमराँव अनुमण्डल के एसडीपीओ अफाख अख्तर अंसारी ने बताया कि निजी विद्यालय के शिक्षक दो दिनों से गायब थे. ऐसा पता चला है कि वह कुछ तनाव में चल रहे थे. इसी बीच उनका शव बरामद किया गया. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है. उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है.

गौरतलब है कि शिक्षक के शव मिलने के बाद इलाके में हड़कम्प मचा हुआ है. वही पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है.

Comment here