द जनमित्र डेस्क
उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 35 लाख रुपये कीमत की विदेशी शराब बरामद की है। तस्करों ने सड़े आमों के बीच शराब की पेटियों को चतुराई से छिपाकर बिहार ले जाने की कोशिश की थी, लेकिन चेक पोस्ट पर सतर्क अधिकारियों ने उनकी योजना नाकाम कर दी।

घटना वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट के पास की है, जहां उत्पाद विभाग की टीम नए पुल के समीप वाहनों की गहन तलाशी अभियान चला रही थी। एक ट्रक की संदिग्ध हरकत पर अधिकारियों को शक हुआ। ट्रक को तुरंत रोका गया और उसकी जांच शुरू की गई। शुरुआत में तो केवल आमों के कैरेट नजर आए, लेकिन गहन छानबीन में पता चला कि सड़े-गले आमों के नीचे शराब की भारी मात्रा छिपाई गई थी।
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि ट्रक से कुल 350 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद हुई हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये बताई जा रही है। यह शराब चंडीगढ़ से बिहार के मुजफ्फरपुर भेजी जा रही थी। उत्तर प्रदेश से बिहार सीमा में प्रवेश करते ही बक्सर चेक पोस्ट पर इसे पकड़ लिया गया।
ट्रक चालक रवि कुमार (27 वर्ष) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर तक शराब की यह खेप पहुंचाने जा रहा था। रवि कुमार हिमाचल प्रदेश के रामशहर नंद गांव का रहने वाला है।
यह सफल अभियान वीर कुंवर सिंह चेक पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। उत्पाद विभाग ने पूरे ट्रक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार चालक से मिली जानकारी के आधार पर तस्करी के पूरे रैकेट और अन्य संदिग्धों का पता लगाने के लिए आगे की जांच तेज कर दी गई है।


Comment here