द जनमित्र डेस्क
बक्सर नगर परिषद के वार्ड 22 और 23 के सोहनीपट्टी इलाके में लंबे समय से चली आ रही बिजली की अनियमितता और बार-बार होने वाली खराबी ने स्थानीय निवासियों को बुरी तरह परेशान कर रखा है। सोमवार को गुस्साए इलाकावासियों ने चरित्रवन स्थित पावर हाउस पर पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
दर्जनों महिलाओं-पुरुषों ने विभागीय अधिकारियों पर नाकामी का आरोप लगाते हुए तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन में वार्ड पार्षद गुड्डू कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इलाके में बिजली के तार बार-बार जल रहे हैं, जिसके कारण घंटों, कभी-कभी पूरे दिन बिजली गुल रहती है। इसके अलावा एक ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है, लेकिन बिजली विभाग ने अब तक उसे न तो बदला है और न ही ठीक कराने की कोई पहल की है।
स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग के कॉल सेंटर पर शिकायत दर्ज कराई। फोन और मैसेज के जरिए अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार उनकी आवाज अनसुनी रही। विभाग की इस लापरवाही से लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
**गर्मी और पानी की दोहरी मार**
भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। बिजली न होने से मोटरें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण घरों तक पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहर करीब 12 बजे पावर हाउस पहुंचे प्रदर्शनकारियों को वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला। अधिकारियों की गैरमौजूदगी ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया।
प्रदर्शनकारियों ने जले हुए तारों को तुरंत बदलने, खराब ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कराने और पूरे इलाके में लगातार बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्दी समस्या का हल नहीं निकाला गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


Comment here