स्थानीय

डुमरांवः सड़क निर्माण की दोहरी खुशखबरी

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में दो बड़ी पहल शुरू हो गई हैं। एक तरफ 210 करोड़ रुपये की लागत से बाईपास रोड का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर शहर के मुख्य स्टेशन रोड के करीब तीन किलोमीटर लंबे हिस्से के पूर्ण पुनर्निर्माण के लिए 19.23 करोड़ रुपये की मंजूरी मिल गई है।

बिहारशरीफ-डुमरांव राष्ट्रीय राजमार्ग-120 के बिक्रमगंज-डुमरांव खंड में पड़ने वाले इस रोड का पिछले 25 वर्षों में कभी पूर्ण रूप से नवीनीकरण नहीं हुआ था। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस जर्जर सड़क को नई सूरत देने के लिए 19.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति दे दी है। मंत्रालय ने 7 जुलाई को यह फैसला लिया और राज्य के सड़क निर्माण विभाग के सचिव को आधिकारिक पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी।

कब बनी थी सड़क?
यह सड़क आखिरी बार वर्ष 2000 के आसपास बनी थी। तब डुमरांव प्रखंड के सुरौंधा गांव निवासी और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वर्गीय नागेंद्र नाथ ओझा के प्रयासों से छड़ वाली कंक्रीट ढलाई का काम हुआ था। करीब डेढ़-दो दशक तक यह रोड अच्छी स्थिति में रही, लेकिन भारी वजन वाले ओवरलोड ट्रकों की अनियंत्रित आवाजाही और कई जगहों पर पानी बहने से इसमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए। हल्की-फुल्की मरम्मत से समस्या हल नहीं हुई। विधानसभा चुनावों में यह सड़क स्थानीय लोगों के लिए बड़ा मुद्दा बन गई थी।

सड़क निर्माण विभाग के एनएच-120 पथ प्रमंडल गया के सहायक अभियंता धर्मेंद्र कुमार (धर्मकांत) ने बताया कि डुमरांव शहर वाले तीन किलोमीटर हिस्से को पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) तकनीक से पूरी तरह नया बनाया जाएगा।

इसी बीच राष्ट्रीय राजमार्ग के नए एलाइनमेंट के तहत डुमरांव बाईपास का निर्माण कार्य भी 210 करोड़ रुपये के प्राक्कलन के साथ चल रहा है। यह बाईपास 10 मीटर चौड़ा होगा। पुराना भोजपुर के पास एनएच-120 और एनएच-922 का नया जंक्शन भी बनाया जाएगा।

इसके अलावा पुराना भोजपुर के समीप रेलवे लाइन के ऊपर 70 मीटर लंबे रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का प्रस्ताव रेलवे विभाग को भेज दिया गया है। इसकी स्वीकृति शीघ्र मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों में इन दोनों परियोजनाओं को लेकर काफी उत्साह है। इससे न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी बल्कि लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्याओं से भी निजात मिलेगी।

Comment here