द जनमित्र डेस्क
पुलिस ने एक अंतरराज्यीय वाहन चोरी मॉड्यूल का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गुप्त सूचना पर नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित अप्सरा होटल में छापा मारकर इन युवकों को पकड़ा गया।
पुलिस की टीम को इनके कब्जे से वाहन के ताले खोलने और चाबी के बिना इंजन स्टार्ट करने वाली अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस समेत अन्य संदिग्ध उपकरण मिले हैं।



गिरफ्तारी के बाद थाने में इन आरोपियों ने पुलिस को चौंका दिया। उन्होंने मौके पर खड़ी एक स्कॉर्पियो का दरवाजा बिना चाबी के खोलकर दिखाया और फिर उसी हाईटेक मशीन की मदद से गाड़ी को कुछ ही पलों में स्टार्ट कर दिया। यह देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
गिरफ्तार युवकों की पहचान दिल्ली के रवि चौहान, वैशाली जिले के हाजीपुर निवासी सोनू और रेहान अंसारी के रूप में की गई है। फिलहाल तीनों को नगर थाने में रखकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड, दूसरे राज्यों में उनके संपर्क और गिरोह के बाकी सदस्यों का पता लगाने में जुटी हुई है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त खबर मिली थी कि अप्सरा होटल में कुछ संदिग्ध व्यक्ति ठहरे हैं, जिनके पास वाहन चोरी के आधुनिक गैजेट्स मौजूद हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ गौरव पांडे के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने होटल पहुंचकर तलाशी ली और तीनों को हिरासत में ले लिया। उनके सामान से हाईटेक उपकरण और लॉक ब्रेकिंग टूल्स बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना तरीका भी बताया। वे किसी नए शहर में होटल लेकर रुकते, कई दिनों तक आसपास के इलाकों का जायजा लेते और फिर महंगे वाहनों को निशाना बनाते थे। चोरी के तुरंत बाद वे दूसरे राज्य में भाग जाते थे, जिससे पुलिस को उनके सुराग मिलना मुश्किल हो जाता था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद मशीन बेहद एडवांस्ड है, जो आधुनिक गाड़ियों की सुरक्षा व्यवस्था को मिनटों में बायपास कर सकती है। हालांकि, इनके पास से अभी तक कोई चोरी की गाड़ी नहीं मिली है।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने बिहार के अलावा दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और अन्य राज्यों में कितनी चोरी की घटनाएं को अंजाम दिया है। बरामद उपकरणों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जाएगी।
नगर थाना पुलिस का दावा है कि पूछताछ से कई अहम क्लू मिले हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। यह कार्रवाई अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय वाहन चोरी के बड़े सिंडिकेट को तोड़ने में अहम साबित हो सकती है।

Comment here