द जनमित्र डेस्क
बिहार शिक्षा विभाग ने पूरे राज्य में बड़े स्तर पर अधिकारीयों की पोस्टिंग में फेरबदल किया है। इसी सिलसिले में बक्सर जिले को नया जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मिल गया है। विभाग ने इंद्र कुमार कर्ण को बक्सर का नया डीईओ नियुक्त किया है। यह आदेश तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इंद्र कुमार कर्ण इससे पहले मुजफ्फरपुर जिले में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) के पद पर तैनात थे। लंबे प्रशासनिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने उन्हें बक्सर जिले की जिम्मेदारी सौंपी है। वे मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं।

विभाग ने साफ कर दिया है कि इंद्र कुमार कर्ण की तैनाती उनके मौजूदा वेतनमान पर ही की गई है। उन्हें इस पदस्थापना पर कोई अतिरिक्त वेतन या आर्थिक लाभ नहीं दिया जाएगा। जारी आदेश में यह भी स्पष्ट है कि उन्हें पारगमन अवधि (जॉइनिंग टाइम) का लाभ भी नहीं मिलेगा।
इसका मतलब है कि उन्हें बिना किसी देरी के बक्सर पहुंचकर तुरंत अपने पद का कार्यभार संभालना होगा। प्रभार ग्रहण करने के बाद संबंधित जानकारी बिहार शिक्षा विभाग को अनिवार्य रूप से भेजनी होगी।
सरकार ने निर्देश दिया है कि नए डीईओ सभी जरूरी प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करें ताकि जिले में शिक्षा संबंधी कामकाज पर कोई असर न पड़े। यह आदेश शिक्षा विभाग के निदेशक रंजन कुमार ने जारी किया है। विभागीय अधिसूचना में कहा गया है कि यह फैसला राज्यपाल की स्वीकृति प्राप्त करने के बाद लिया गया है। बक्सर जिले में नए जिला शिक्षा पदाधिकारी की नियुक्ति से स्थानीय शिक्षा व्यवस्था, सरकारी स्कूलों की निगरानी और विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Comment here